‘धरना देना है तो हैनरी के दफ्तर के बाहर दें, विधायक बावा हैनरी से पूछें विकास क्यों नहीं कराया’: मेयर विनीत धीर

आज की ताजा खबर पॉलिटिक्स लोकल गर्वनमेंट
Spread the love

हलका इंचार्ज ने कहा- 10 साल से विधायक बावा हैनरी, फिर भी नॉर्थ की समस्याएं जस की तस क्यों?

जब कांग्रेस की सरकार थी और हैनरी परिवार का राजनीतिक प्रभाव था, तब क्यों नहीं हुआ विकास?: धीर

नॉर्थ हलके के कथित पिछड़ेपन और वर्षों से लंबित समस्याओं का हैनरी पिता-पुत्र दें हिसाब

आम आदमी पार्टी सरकार का फोकस राजनीति नहीं, नॉर्थ हलके में विकास कार्यों को गति देने परः धीर

जालंधर, जालंधर नॉर्थ विधानसभा हलके में विकास कार्यों को लेकर कांग्रेस की ओर से किए गए धरने पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए नॉर्थ हलके के इंचार्ज एवं मेयर विनीत धीर ने विधायक बावा हैनरी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को विकास कार्यों को लेकर धरना देने का इतना ही शौक है तो उन्हें अवतार हैनरी के दफ्तर के बाहर धरना देना चाहिए और पहले अपने ही नेताओं से पूछना चाहिए कि जालंधर नॉर्थ की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का स्थायी समाधान क्यों नहीं किया गया।

बावा हैनरी 10 साल से विधायक, फिर भी ये हाल

उन्होंने कहा कि अवतार हैनरी खुद तीन बार विधायक और पंजाब सरकार में मंत्री रह चुके हैं, जबकि बावा हैनरी भी करीब 10 साल से इस हलके का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इसके बावजूद यदि आज भी लोगों को बुनियादी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, तो कांग्रेस को अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले यह बताना चाहिए कि उसके लंबे राजनीतिक कार्यकाल के दौरान इन समस्याओं को दूर करने के लिए क्या ठोस कदम उठाए गए थे।

कई समस्याएं आज की नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी

मेयर विनीत धीर ने कहा कि लम्मा पिंड चौक, बल्टर्न पार्क, दोमोरिया पुल और गाजी गुल्लां सहित कई समस्याएं आज की नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी हैं। जब कांग्रेस की सरकार थी और हैनरी परिवार का राजनीतिक प्रभाव था, तब इन समस्याओं का स्थायी समाधान क्यों नहीं किया गया? अब जब आम आदमी पार्टी सरकार की ओर से इन समस्याओं के समाधान के लिए विकास कार्य करवाए जा रहे हैं और जमीन पर काम आगे बढ़ रहा है, तो कांग्रेस उन्हीं मुद्दों को लेकर धरने कर रही है।

अपने शासनकाल का रिकॉर्ड जनता के सामने रखें बावा

विनीत धीर ने कहा कि बावा हैनरी को जनता के सामने यह जवाब देना चाहिए कि करीब एक दशक तक विधायक रहने के बावजूद नॉर्थ हलके की पुरानी समस्याओं का स्थायी समाधान क्यों नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों को लेकर आज कांग्रेस राजनीति कर रही है, उन्हीं मुद्दों पर उसे अपने शासनकाल का रिकॉर्ड जनता के सामने रखना चाहिए। कौन से प्रोजेक्ट मंजूर करवाए गए, कितना काम हुआ और उसका परिणाम क्या रहा। केवल धरने लगाने और राजनीतिक बयानबाजी करने से पुरानी जिम्मेदारियों से बचा नहीं जा सकता।

आप सरकार तेजी से करवा रही विकास कामः धीर

हलका इंचार्ज व मेयर धीर ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यकाल में जालंधर नॉर्थ की समस्याओं को प्राथमिकता देकर विकास कार्य तेजी से करवाए जा रहे हैं। जो मुद्दे वर्षों से लंबित रहे, उन पर अब काम शुरू हुआ है। ऐसे में कांग्रेस को विकास कार्यों का विरोध करने के बजाय यह बताना चाहिए कि उसके कार्यकाल में इन समस्याओं का समाधान क्यों नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस वास्तव में नॉर्थ हलके के लोगों की समस्याओं को लेकर गंभीर है, तो उसे पहले अपने ही नेताओं से सवाल करना चाहिए कि सत्ता और राजनीतिक प्रतिनिधित्व होने के बावजूद बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे इतने लंबे समय तक लंबित क्यों रहे।

हैनरी पिता-पुत्र ने हलके पर नहीं दिया ध्यान

धीर ने कहा कि जालंधर नॉर्थ के कथित पिछड़ेपन और वर्षों से लंबित समस्याओं की जिम्मेदारी अब दूसरों पर डालने के बजाय हैनरी पिता-पुत्र को अपने लंबे राजनीतिक कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यदि धरना देना चाहती है तो अवतार हैनरी के कार्यालय के बाहर जाकर दे और जनता को बताए कि जिन समस्याओं को लेकर आज वह प्रदर्शन कर रही है, वे उसके अपने शासन और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के दौरान क्यों नहीं सुलझीं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार का फोकस राजनीति करने पर नहीं, बल्कि लंबित समस्याओं का समाधान कर नॉर्थ हलके में विकास कार्यों को गति देने पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *