Youth Congress की जमीनी बढ़त से डरे हुए हैं सत्ताधारी दल
जालंधर, यूथ कांग्रेस जालंधर अर्बन के जिला अध्यक्ष अंगद दत्ता ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट के कथित तौर पर ब्लॉक किए जाने को लेकर भाजपा और आप पर तीखा हमला बोला है। दत्ता ने कहा कि यूथ कांग्रेस की जमीनी स्तर पर लगातार मजबूत होती पकड़ से घबराकर विपक्ष की आवाज को डिजिटल माध्यमों पर दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि नियमित संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़ी पोस्ट पर इस तरह की कार्रवाई सत्ताधारी दलों की असुरक्षा को उजागर करती है।

दत्ता ने बताया कि वरिष्ठ नेता सचिन पायलट के साथ जालंधर अर्बन में संगठन के विस्तार और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने को लेकर हुई बैठक से संबंधित उनकी Facebook पोस्ट अचानक भारत में कानूनी कंटेंट प्रतिबंध के तहत ब्लॉक कर दी गई। इसके साथ ही उनके व्हाट्सअप एकाउंट पर भी अस्थायी प्रतिबंध लगाया गया। उन्होंने सवाल किया कि एक सामान्य संगठनात्मक बैठक और युवाओं को उनके अधिकारों के लिए लामबंद करने की बात से आखिर सत्ता में बैठे लोग इतने परेशान क्यों हैं।
यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने भाजपा और आप पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सार्वजनिक मंचों पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की बात करने वाले लोग डिजिटल माध्यमों के जरिए विपक्ष की आवाज को रोकने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पोस्ट फ्लैग करने या अकाउंट प्रतिबंधित करने से बेरोजगारी, युवाओं की समस्याओं और सरकारों के टूटे वादों पर उठाए जा रहे सवालों को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने दावा किया कि ऐसी कार्रवाई यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ने के बजाय उनके संघर्ष को और मजबूत करेगी।
अंगद दत्ता ने कहा कि फेसबुक की एक पोस्ट को ब्लॉक किया जा सकता है, लेकिन जनता की आवाज को नहीं। उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस की ताकत और ऊर्जा के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेगी और पंजाब के युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोक लगाने की कोशिशें यह साबित करती हैं कि भाजपा औप आप को यूथ कांग्रेस के बढ़ते जनाधार और जमीनी सक्रियता की चिंता सताने लगी है।



