लुधियाना कोर्ट में 20 मिनट तक लिफ्ट में कैद रहे 17 लोग

आज की ताजा खबर पंजाब
Spread the love

लिफ्ट गेट से करीब 1 फीट नीचे अटक गई थी, ऐसे में लोगों को खींचकर बाहर निकालना पड़ा

एडवोकेट परमिंदर कुक्की और एडवोकेट राहुल शर्मा ने हिम्मत दिखाकर राहत कार्य शुरू किया

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अगर समय रहते कार्रवाई नहीं होती, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी

किसी के घायल होने की खबर नहीं, कोर्ट में लिफ्टों की मेंटेनेंस व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं

लुधियाना

लुधियाना के जिला अदालत परिसर में बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब तकनीकी खराबी के कारण पब्लिक लिफ्ट अचानक बीच में रुक गई। लिफ्ट में 2 वकील, 1 पुलिसकर्मी समेत कुल 17 लोग फंस गए। करीब 20 मिनट तक लोग अंदर ही फंसे रहे और मदद के लिए आवाज लगाते रहे। बताया जा रहा है कि लिफ्ट गेट से करीब 1 फीट नीचे अटक गई थी, जिसके चलते लोगों को खींचकर बाहर निकालना पड़ा।

2 वकीलों की बहादुरी से बची जान

स्थिति को गंभीर होते देख एडवोकेट परमिंदर सिंह कुक्की और एडवोकेट राहुल शर्मा ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों के साथ मिलकर लिफ्ट का दरवाजा खोला। दोनों वकीलों और सुरक्षाकर्मियों की मदद से 17 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

किसी के घायल होने की खबर नहीं

इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं होती, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद कोर्ट परिसर में लिफ्टों की मेंटेनेंस व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *