साहस, खेल, विज्ञान, कला, पर्यावरण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में असाधारण योगदान
वैभव सूर्यवंशी ने कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाकर सबका ध्यान खींचा
पुरस्कार समारोह के चलते दिल्ली में वैभव मणिपुर के खिलाफ मुकाबला नहीं खेल पाए
वर्ष 2022 में PM मोदी ने इस दिन वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी
नई दिल्ली
वीर बाल दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को देश के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से चुने गए 20 बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया। इन बच्चों ने साहस, खेल, विज्ञान, कला, पर्यावरण और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में असाधारण योगदान देकर देश का नाम रोशन किया है। इस साल पुरस्कार पाने वालों में 14 साल के क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी भी शामिल हैं। पुरस्कार समारोह के चलते वे दिल्ली में मौजूद हैं, जिस कारण वे आज विजय हजारे ट्रॉफी में मणिपुर के खिलाफ मुकाबला नहीं खेल पाए। वैभव ने कम उम्र में कई अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाकर सबका ध्यान खींचा है।
फिरोजपुर के श्रवण सिंह को राष्ट्रीय बाल पुरस्कार मिला
पंजाब के फिरोजपुर से 10 साल के श्रवण सिंह को भी राष्ट्रीय बाल पुरस्कार मिला। श्रवण ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सीमा पर तैनात जवानों को चाय, दूध और नाश्ता पहुंचाकर सेवा की थी, जिसकी देशभर में सराहना हुई। इस वर्ष दो बच्चों को मरणोपरांत पुरस्कार भी दिया गया। तमिलनाडु की 8 साल व्योमा प्रिया, जिन्होंने एक बच्चे को करंट से बचाने की कोशिश में अपनी जान गंवा दी और बिहार के कमलेश कुमार, जिन्होंने नदी में डूबते बच्चे को बचाने के लिए जान की परवाह नहीं की।
बच्चों ने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन किया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने संबोधन में कहा कि इन बच्चों ने न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने बच्चों के अभिभावकों और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की भी सराहना की। वीर बाल दिवस हर साल 26 दिसंबर को गुरु गोविंद सिंह के चार साहिबजादों अजीत सिंह, जुझार सिंह, जोरावर सिंह और फतेह सिंह की शहादत की स्मृति में मनाया जाता है। वर्ष 2022 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दिन को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी।

