जालंधर। सतगुरु रविदास जी के 649वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में वाराणसी के लिए जाने वाली विशेष बेगमपुरा एक्सप्रेस आज वीरवार दोपहर 3:40 बजे जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। जय गुरुदेव… धन गुरुदेव के जयघोष से पूरा शहर गूंजता रहा। ट्रेन संत निरंजन दास जी की अध्यक्षता में कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना हुई। वहां आशीर्वाद लेने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
पंजाब के विभिन्न जिलों से हजारों श्रद्धालु (संगत) आज सुबह से ही जत्थों के रूप में जालंधर रेलवे स्टेशन पहुंचे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार करीब 3 हजार श्रद्धालु ट्रेन से रवाना हुए, जबकि उन्हें छोड़ने आने वालों की संख्या इससे तीन गुना थी। रेलवे स्टेशन पर किशनपुरा, रेलवे कॉलोनी, बूटा पिंड, बीएसएफ चौक, रामामंडी, माई हीरा गेट समेत कई मार्गों से संगत पहुंचेगी। इसे देखते हुए पुलिस ने बैरिकेडिंग और डायवर्जन लागू किए, ताकि आम वाहन चालकों को अधिक परेशानी न हो।

इन स्टेशनों पर रुकेगी बेगमपुरा एक्सप्रेस
यह विशेष ट्रेन लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद और लखनऊ होते हुए वाराणसी पहुंचेगी। डेरा बल्लां द्वारा हर वर्ष की तरह इस बार भी ट्रेन की विशेष बुकिंग करवाई गई है, जिस पर करीब 30 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
31 जनवरी को भव्य शोभायात्रा, 1 फरवरी को मुख्य समारोह
श्री गुरु रविदास एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट और विभिन्न संस्थाओं द्वारा। 31 जनवरी को शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। 1 फरवरी को गुरु रविदास जी का 649वां प्रकाश पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा। शोभायात्रा सतगुरु रविदास धाम बूटा मंडी से शुरू होकर गुरु रविदास चौक, भगवान वाल्मीकि चौक, मिलाप चौक, बस्ती अड्डा समेत कई क्षेत्रों से होती हुई वापस धाम में संपन्न होगी। पूरे इलाके को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है।
पीएम मोदी की यात्रा को लेकर आज पहुंचेगी सिक्योरिटी टीम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक फरवरी को डेरा सचखंड बल्लां नतमस्तक होंगे। इसे लेकर आज उनकी सिक्योरिटी टीम जालंधर पहुंचेगी, जो आयोजन स्थल और शहर के विभिन्न हिस्सों में सुरक्षा का रिव्यू करेगी। पीएम मोदी आदमपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा डेरा बल्लां जाएंगे।

