कूड़ा घोटाला : निगम का बड़ा एक्शन, ठेकेदार पर लगा प्रतिबंध, पेमेंट पर भी लगी रोक

आज की ताजा खबर लोकल गर्वनमेंट
Spread the love

मेयर ने छापामार पकड़ा था घोटाला, कूड़े के नीचे तौला जा रहा था मलवा

ठेकेदार पर पहले भी हो चुकी थी दो बार कार्रवाई, बिना डर कर रहा था नियमों का उल्लंघन

जालंधर, नगर निगम में चल रहे ‘कूड़ा घोटाले’ में निगम कमिश्नर ने बड़ा एक्शन लिया है। ठेकेदार कंपनी पर अस्थाई प्रतिबंध लगा दिया गया है और पेमेंट पर भी रोक लगा दी गई है। बता दें कि शिकायत मिलने के बाद मेयर विनीत धीर ने मंगलवार सुबह छापेमारी कर डंप पर ठेकेदार की डंपर गाड़ी को रंगे हाथों पकड़ा था। जिसमें वह कूड़े की आड़ में मलवा तौलवा कर नगर निगम को लाखों रुपए का आर्थिक नुकसान पहुंचा रहे थे। क्योंकि निगम की तरफ से ठेकेदार को कूड़ा तौलकर पेमेंट दी जाती है। जिसका फायदा ठेकेदार उठा रहा था और रात को 120 फुट रोड से मलवा उठाकर ज्योति नगर ले जा रहा था और वहां से मलवे के ऊपर कूड़ा भरकर भरा जा रहा था।


नगर निगम कमिश्नर की तरफ से जारी नोटिस में कहा गया है कि मैसेज आकाश गवर्नेमेंट कांट्रैक्टर की तरफ से कूड़े की आड़ में मलवा फैंका जा रहा था। जिसे रंगे हाथों पकड़ा गया है। ठेकेदार की तरफ से कूड़े के साथ बड़ी मात्रा में मलवा मिक्स किया गया था और ज्यादा वजन की पमेंट कलेम करने की कोशिश की जा रही थी। ऐसी चालाकी ठेकेदार की तरफ से पहले भी की जाती होगी, जिससे निगम को भारी वित्तीय नुकसान पहुंचाया जा रहा था। इसलिए ठेकेदार अब नगर निगम के किसी भी सैकेंडरी प्वाइंट्स से जेसीबी और टिप्परों के जरिए कूड़ा उठाने के काम पर प्रतिबंध (डीबार्ड) लगा दिया गया है। इसके काम की ठेकेदार को पमेंट करने पर भी रोक लगाई गई है।

बता दें कि मेयर विनीत धीर को इसकी शिकायत मिली थी। जिसके बाद मेयर ने ट्रैप लगवाया और मंगलवार सुबह-सुबह डंप पर जाकर खुद डंपर को रंगे हाथों पकड़ा। जिसके बाद मेयर विनीत धीर ने तुरंत नगर निगम कमिश्नर को इस सरकारी ठेकेदार के खिलाफ तुरंत बनती कार्रवाई करने के लिए कहा।

मेयर ने बताया कि आकाश नामक गवर्नमेंट कॉन्ट्रैक्टर की ओर ज्योति नगर व आसपास के इलाके से कूड़ा उठाने के काम में भारी अनियमितताएं बरती जा रही थीं। इस ठेकेदार पर कुछ ही समय पहले दो बार जुर्माना लगाया जा चुका था। उन्होंने इस पर नजर रखी थी। ट्रैप लगवाया और इस घोटाले का पर्दाफाश किया। निगम के पूर्व कर्मचारी सतपाल के बेटे की तरफ से यह कंपनी चलाई जा रही है।

120 फुट रोड से भरा जा रहा था मलवा

सोमवार रात को लगाए गए ट्रैप से पता चला कि ठेकेदार की तरफ से पिछले कुछ समय से लगातार रात को 120 फुट रोड अर्बन एस्टेट फेज-2 रेलवे अंडरपास के पास से मलवा भरा जाता है। फिर उस मलवा को ज्योति नगर डंप पर लगाकर उसके ऊपर कूड़ा भरा जाता है। रात को भी करीब 7-8 ट्राली और दो टिपर मलवा निकाले जाने की सूचना मिली है। इसकी जांच करवाई जानी चाहिए और आरोपी ठेकेदार के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

निगम अफसरों पर भी गिरेगी गाज

इस घोटाले में शामिल नगर निगम के अफसरों पर भी गाज गिरेगी। जिसके लिए कमिश्नर और मेयर ने जांच करवाने का काम शुरू कर दिया है। जल्द ही इस मामले में दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों पर एक्शन लिया जाएगा। क्योंकि यह काम बिना नगर निगम अफसरों की मिलीभगत के नहीं हो सकता है। बताया जा रहा है कि ठेकेदार ने कुछ निगम अफसरों के साथ मिलकर यह घोटाला किया है। अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर नगर निगम को आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *