24 घंटों में राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी
सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 42.6°C दर्ज किया, चंडीगढ़ में 5.6 मिमी बारिश
वीरवार शाम से बारिश और तेज हवाओं के कारण रात के तापमान में गिरावट दर्ज
सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बन्स के कारण पंजाब, हरियाणा व चंडीगढ़ के मौसम में बदलाव
चंडीगढ़
वेस्टर्न डिस्टर्बन्स के असर से पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने आज और कल कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है, लेकिन यह अभी भी सामान्य से 2.7 डिग्री कम बना हुआ है। सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में 5.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
रात का तापमान गिरा
वीरवार शाम से शुरू हुई बारिश और तेज हवाओं के कारण रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब और चंडीगढ़ के कई हिस्सों में बारिश हुई। सबसे अधिक 18.2 मिमी बारिश पटियाला में दर्ज की गई। इसके अलावा शहीद भगत सिंह नगर में 17.0 मिमी, लुधियाना में 6.2 मिमी, चंडीगढ़ में 8.3 मिमी, मोहाली में 1.0 मिमी, अमृतसर में 0.6 मिमी और फरीदकोट में 0.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
तेज हवाओं से नुकसान
मानसा के गांव भैणीबाघा में आंधी और बारिश के दौरान एक डेयरी फार्म का टीन शेड गिर गया, जिससे दो भैंसों की मौत हो गई और करीब 15 भैंसें घायल हो गईं। एक मजदूर के घायल होने की भी सूचना है। पटियाला में खालसा कॉलेज के पास एक पेड़ बिजली की तारों पर गिर गया, जिससे आठ बिजली खंभे और एक ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त हो गए। इससे बिजली आपूर्ति और यातायात प्रभावित रहा।
वेस्टर्न डिस्टर्बन्स का असर
मौसम विभाग के अनुसार पाकिस्तान की ओर सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बन्स के कारण पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के मौसम में बदलाव आया है। इसी वजह से कई इलाकों में बारिश, तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। विभाग ने स्पष्ट किया कि मानसून अभी पंजाब तक नहीं पहुंचा है और वर्तमान बारिश पश्चिमी विक्षोभ के कारण हो रही है।


