जमीन विवाद के चलते उठाया कदम, वारदात को अंजाम देने के बाद खुद को मारी गोली
किचन में मिली आरोपी की लाश, बाकी शव घर से बरामद
गुरदासपुर। पंजाब में एक बार फिर ताबड़तोड़ गोलियां चलने की खबर सामने आ रही है। खबर है कि एक व्यक्ति ने अंधाधुंध फायरिंग कर अपनी चाची और नाबालिग चचेरे भाई और दोस्त की हत्या कर दी है। मिली जानकारी के मुताबिक गुरदासपुर के बटाला में मंगलवार देर रात एक व्यक्ति ने जहां जमीनी विवाद में अंधाधुंध फायरिंग कर अपनी चाची और नाबालिग चचेरे भाई की हत्या कर दी। यही नहीं, आरोपी ने उसे रोकने के लिए आगे आए अपने ही फौजी दोस्त को भी गोली मार दी। इसके तुरंत बाद आरोपी ने खुद के सिर में भी गोली मार आत्महत्या कर ली।
बचाने आए दोस्त को भी उतारा मौत के घाट
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मनजोत सिंह नामक युवक ने कथित तौर पर जमीन विवाद के चलते अपनी सगी चाची हरजीत कौर और 12 वर्षीय चचेरे भाई हरि अमृतपाल सिंह को गोली मार दी। इसी दौरान उसका दोस्त प्रगट सिंह, जो सेना का जवान बताया जा रहा है, उसे रोकने के लिए आगे आया, लेकिन आरोपी ने उसे भी गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में कुल चार लोगों की मौत हो गई।
रसोई में जाकर खुद को मारी गोली
वारदात को अंजाम देने के बाद मनजोत सिंह अपने घर पहुंचा और रसोई में जाकर खुद को भी गोली मार ली। इन सभी की लाशें घर के अंदर, बाहर और आरोपी की लाश घर की किचन में मिली। वहीं घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल बटाला के डेड हाउस में रखवा दिया है। शवों का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।


