24,453 बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर करेंगे सत्यापन
अंतिम मतदाता सूची 1 अक्टूबर 2026 जारी की जाएगी
चंडीगढ़ : पंजाब में मतदाता सूची को अधिक सटीक और अपडेट करने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की शुरुआत 25 जून से होने जा रही है। इस अभियान के तहत राज्य के सभी क्षेत्रों में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। पंजाब में कुल 24,453 BLO प्रक्रिया में शामिल होंगे, जो मतदाताओं से संबंधित जानकारी जुटाकर वोटर लिस्ट अपडेट करने का काम करेंगे। यह अभियान 24 जुलाई तक चलेगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 1 अक्टूबर 2026 को जारी की जाएगी।
2.14 करोड़ से ज्यादा मतदाताओं का सत्यापन
पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बताया कि अभियान के दौरान राज्य के करीब 2 करोड़ 14 लाख 61 हजार 43 मतदाताओं के रिकॉर्ड की जांच और अपडेट किया जाएगा। BLO घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे, मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन करेंगे और भरे हुए फॉर्म वापस एकत्र करेंगे। इसके साथ ही मतदान केंद्रों के युक्तिकरण की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
3 अगस्त को जारी होगी प्रारंभिक मतदाता सूची
SIR अभियान पूरा होने के बाद 3 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद मतदाता अपने नाम, पते या अन्य विवरण में सुधार के लिए दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तारीख 2 सितंबर होगी। इसके बाद इनका निपटारा 28 सितंबर तक किया जाएगा और 1 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी जाएगी।


