PM Modi के दौरे से पहले जालंधर में 1 फरवरी तक ‘नो फ्लाइंग ज़ोन’ घोषित, ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट

देश
Spread the love

श्री गुरु रविदास जी का प्रकाशोत्सव पर नकोदर रोड 3 दिन तक बंद रहेगा

जालंधर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जालंधर दौरे को देखते हुए जालंधर को 1 फरवरी तक ‘नो फ्लाइंग ज़ोन’ घोषित कर दिया गया है। ये आदेश 30 जनवरी 2026 से 1 फरवरी 2026 तक लागू रहेंगे।

बता दें कि पीएम मोदी श्री गुरु रविदास जी महाराज के गुरूपर्व के मौके पर जालंधर स्थित डेरा बल्लां पहुंच रहे हैं। उनकी सुरक्षा को लेकर यह प्रबंध किए गए हैं। इससे पहले मोदी के दौरे को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे थे। भाजपा पंजाब ने साफ किया है कि उनके दौरे की तारीख में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। वह निर्धारित 1 फरवरी को ही पहुंच रहे हैं।

ये हैं जिला अधिकारी के आदेश

अतिरिक्त जिला मैजिस्ट्रेट -कम-अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज) अमनिंदर कौर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत प्राप्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए माननीय प्रधानमंत्री, भारत जी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिनांक 30 जनवरी से 01 फरवरी 2026 तक जिला जालंधर में ‘नो फ्लाइंग ज़ोन’ घोषित किया है।
आदेशों के अनुसार जिला जालंधर की सीमा के अंदर किसी भी प्रकार का सिविल रिमोट/पायलट एयर क्राफ्ट सिस्टम/ड्रोन/हेलीकॉप्टर (सिवाय माननीय प्रधानमंत्री, भारत तथा अन्य वी.वी.आई.पी. के हेलीकॉप्टर/जहाज के) आदि उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया गया है।


31 को डायर्वट रहेंगे रूट्स, नकोदर रोड 3 दिन बंद

श्री गुरु रविदास जी का प्रकाशोत्सव पर नकोदर रोड 3 दिन तक बंद रहेगा। प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में 31 जनवरी को संगत द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसके कारण शहर में कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। प्रशासन ने इस दिन स्कूलों में छुट्टी की भी घोषणा की है। 31 जनवरी को शहर के मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक बदला रहेगा और कुछ रास्ते पूरी तरह बंद रहेंगे।

इस रूट से गुजरेगी शोभायात्रा

शोभायात्रा के दौरान शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी। शोभायात्रा गुरुद्वारा साहिब बूटा मंडी से शुरू होकर श्री गुरु रविदास चौक, डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक, भगवान वाल्मीकि चौक और पटेल चौक से गुजरते हुए वापस गुरुद्वारा साहिब बूटा मंडी पर ही समाप्त होगी।

सुबह 9 से रात 8 बजे तक प्लान रहेगा लागू

यह रूट प्लान 31 जनवरी को सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक लागू रहेगा। कुछ रास्तों पर 31 जनवरी से 1 फरवरी तक यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। कपूरथला की ओर से आने वाले वाहन वर्कशॉप चौक, मकसूदां चौक, भगत सिंह कॉलोनी, पठानकोट चौक, चौगिट्टी चौक, पीएपी चौक और बीएसएफ चौक से होकर शहर में आ-जा सकेंगे।

प्रतापपुरा मोड़, वडाला चौक, श्री गुरु रविदास चौक, तिलक नगर रोड, बूटा पिंड मोड़, मैनब्रो चौक, जग्गू चौक, माता रानी चौक, बबरीक चौक, डॉ. अंबेडकर भवन मोड़, नकोदर चौक, गुरु अमरदास चौक और समरा चौक पर 31 जनवरी से 1 फरवरी तक यातायात बंद रहेगा।
जालंधर से नकोदर और शाहकोट जाने वाले वाहन सतलुज चौक, समरा चौक, कुल रोड, अर्बन एस्टेट फेज-2, सीटी इंस्टीट्यूट, पिंड प्रतापपुरा होते हुए नकोदर रोड का इस्तेमाल करें। वडाला चौक से श्री गुरु रविदास चौक और नकोदर चौक जाने वाला रास्ता पूरी तरह बंद रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *