‘आप’ नेता मनीष सिसोदिया ने नारी निकेतन का किया दौरा, बच्चों से की बातचीत

आज की ताजा खबर शिक्षा
Spread the love

ट्रस्ट की महासचिव गुरजोत कौर और ट्रस्टी सीमा चोपड़ा ने किया स्वागत

ए.एन. गुजराल स्कूल पहुंचकर विद्यार्थियों से भी मिले, बच्चों ने दिखाई गर्मजोशी

जालंधर, आम आदमी पार्टी के पंजाब मामलों के प्रभारी और दिल्ली के पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने वीरवार को नारी निकेतन का दौरा किया। संस्था पहुंचने पर उनका स्वागत नारी निकेतन ट्रस्ट की महासचिव गुरजोत कौर और ट्रस्टी सीमा चोपड़ा ने किया। इस दौरान उन्हें नारी निकेतन द्वारा किए जा रहे कार्यों और वहां रह रहे बच्चों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

मनीष सिसोदिया ने संस्था की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी हासिल की और संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की भरपूर सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने सभी बच्चों से बातचीत की। इसके बाद वह नारी निकेतन के शिशु गृह भी पहुंचे, जहां उन्होंने छोटे बच्चों से मुलाकात की, उन्हें गोद में उठाकर स्नेह दिया।

ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उन्हें बड़े बच्चों द्वारा किए जा रहे विभिन्न व्यावसायिक एवं कौशल विकास संबंधी पाठ्यक्रमों की भी जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने संस्था में कार्यरत स्टाफ सदस्यों से भी मुलाकात की और उनके कार्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

बच्चों ने नारी सशक्तिकरण विषय पर आयोजित योग सत्र के दौरान विभिन्न योगासन प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मनीष सिसोदिया ने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना की।

इसके उपरांत उन्होंने ए.एन. गुजराल सीनियर सेकेंडरी स्कूल का दौरा किया। उन्होंने वरिष्ठ कक्षाओं के साथ-साथ के.जी. विंग का भी निरीक्षण किया तथा कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से बातचीत की और उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्कूल के स्मार्ट क्लासरूम और कंप्यूटर लैब का भी निरीक्षण किया।

विद्यार्थियों ने मनीष सिसोदिया का प्लांटर और अपने हाथों से तैयार किया गया शुभकामना कार्ड भेंट कर स्वागत किया। इस पर ‘आप’ नेता ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी रचनात्मकता की सराहना की। स्कूल की प्रिंसिपल ज्योति ने उन्हें स्कूल में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही आधुनिक सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।

इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि नारी निकेतन बेसहारा बच्चों को केवल आश्रय ही नहीं दे रहा, बल्कि उन्हें माता-पिता से भी बढ़कर स्नेह और देखभाल प्रदान कर रहा है। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उनके रहन-सहन को देखकर ऐसा बिल्कुल नहीं लगता कि उन्हें किसी प्रकार की कोई कमी है। उन्होंने संस्था के प्रबंधकों की सराहना करते हुए कहा कि यहां अत्यंत उत्कृष्ट व्यवस्था की गई है और बच्चों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।


इस अवसर पर उनके साथ आम आदमी पार्टी के जिला शहरी अध्यक्ष अमृतपाल सिंह भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *