सिख संगठनों ने Ladowal Toll Plaza किया फ्री, चेतन शर्मा की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना; लंबा ट्रैफिक जाम

आज की ताजा खबर पंजाब
Spread the love

प्रदर्शनकारियों ने दी पुलिस कार्रवाई तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

लुधियाना: सिख धर्म पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोपी चेतन शर्मा की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज सिख संगठनों और निहंग जत्थेबंदियों ने रविवार को पंजाब के लाडोवाल टोल प्लाजा पर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने टोल प्लाजा को टोल फ्री कर दिया और पुलिस कार्रवाई तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।

धरने के चलते लाडोवाल टोल प्लाजा पर यातायात प्रभावित हो गया। लुधियाना से जालंधर जाने वाले मार्ग पर वाहनों को केवल एक लेन से निकाला जा रहा है, जबकि जालंधर की ओर से आने वाले अधिकांश वाहनों को बिना टोल के सभी उपलब्ध लेनों से गुजरने दिया जा रहा है। इससे करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया और कई वाहन चालक घंटों तक फंसे रहे।

25 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं

प्रदर्शनकारी संगठनों का आरोप है कि चेतन शर्मा के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज होने के बावजूद 25 दिन बीत जाने पर भी पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी। उनका कहना है कि इससे पहले भी उन्होंने पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। संगठनों का कहना है कि आरोपी की टिप्पणी से सिख समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और गिरफ्तारी होने तक धरना जारी रहेगा।

पुलिस ने खुलवाया ट्रैफिक

धरने की सूचना मिलते ही थाना लाडोवाल पुलिस के अलावा अन्य थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत शुरू की और ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए। सतलुज पुल पर एक ओर से दोनों दिशाओं का यातायात संचालित किया जा रहा है, जिससे वहां भी वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

ढाई घंटे में फंसे रहे मरीज

जाम में फंसे लोगों ने भी परेशानी जाहिर की। हिमाचल प्रदेश से आए एक यात्री ने बताया कि वह बीमार रिश्तेदार का इलाज करवाकर लौट रहे थे, लेकिन करीब ढाई घंटे से जाम में फंसे हैं। वहीं लुधियाना निवासी रवि कुमार ने कहा कि उन्हें जालंधर में एक परिचित के निधन पर जाना था, लेकिन ट्रैफिक जाम के कारण समय पर पहुंचना मुश्किल हो गया।

जत्थेबंदियों से बातचीत जारी, जल्द निकालेंगे हल- भुल्लर

एडीसीपी रमनदीप सिंह भुल्लर ने बताया कि पुलिस सिख जत्थेबंदियों के साथ लगातार बातचीत कर रही है। उन्होंने कहा कि लुधियाना से जालंधर जाने वाला सतलुज पुल प्रभावित है और दोनों ओर का ट्रैफिक एक तरफ से निकाला जा रहा है। ट्रैफिक पुलिस को आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों की मांग वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *