पंजाब प्रेस क्लब ने राहगीरों के लिए लगाया नया आरओ वाटर कूलर

आज की ताजा खबर पंजाब
Spread the love

क्लब के सभी सदस्य समाज की भलाई के लिए ऐसे प्रयास करते रहें: जसप्रीत सिंह सैनी

जालंधर, भीषण गर्मी को देखते हुए स्थानीय पंजाब प्रेस क्लब द्वारा राहगीरों, विशेषकर छात्राओं को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाए गए वाटर कूलर की क्षमता को तीन गुना बढ़ाते हुए आज नया आरओ युक्त वाटर कूलर स्थापित किया गया। यह वाटर कूलर तेरा आसरा ट्रस्ट के संस्थापक बाबा पुपिंदर सिंह (इंग्लैंड निवासी) के आर्थिक सहयोग तथा पंजाब प्रेस क्लब के सदस्य दविंदर सिंह (जीरोलाइन चैनल) के विशेष प्रयासों से स्थापित किया गया। नए वाटर कूलर का उद्घाटन छात्रा सुखजीत कौर ने किया।

इस अवसर पर पंजाब प्रेस क्लब के अध्यक्ष जसप्रीत सिंह सैनी ने कहा कि क्लब सदस्य दविंदर सिंह सभी सदस्यों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने क्लब और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह सराहनीय पहल की है। उन्होंने कहा कि क्लब के सभी सदस्यों को समाज हित और जनसेवा से जुड़े ऐसे कार्यों के लिए सदैव आगे आना चाहिए। उन्होंने इस नेक कार्य के लिए बाबा पुपिंदर सिंह और दविंदर सिंह का विशेष रूप से धन्यवाद किया।

दविंदर सिंह (जीरोलाइन चैनल) ने अपने संबोधन में कहा कि पंजाब प्रेस क्लब सभी पत्रकारों को सम्मान और एक सशक्त मंच प्रदान करता है। इसलिए क्लब की उन्नति और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सभी सदस्यों को बढ़-चढ़कर योगदान देना चाहिए।

इस वाटर कूलर का सबसे अधिक लाभ निकट स्थित नेहरू गार्डन स्कूल की छात्राओं को मिलेगा। उद्घाटन करने वाली छात्रा सुखजीत कौर ने कहा कि पंजाब प्रेस क्लब में आकर इस सेवा कार्य का हिस्सा बनना और उद्घाटन करने का अवसर मिलना उनके लिए गर्व की बात है।

इस अवसर पर गवर्निंग काउंसिल के सदस्य शिव शर्मा, तेजिंदर कौर थिंद, राजेश योगी, सुकरांत सफरी, जतिंदर पाल सिंह, रमेश गाबा, मदन भारद्वाज, अशोक खन्ना, दलवीर सिंह, हरविंदर सिंह फूल, दविंदर शर्मा, सुभाष शर्मा, शिवम सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *