कनाडा में दो पंजाबी युवक गिरफ्तार, एक पर मानव तस्करी, दूसरे पर फायरिंग और जबरन वसूली के आरोप

आज की ताजा खबर पंजाब
Spread the love

ब्रैम्पटन में एक युवक पर महिला का यौन शोषण और मानव तस्करी का आरोप

पील रिजनल पुलिस ने ब्रैम्पटन निवासी 23 साल का कबीर जांगड़ा किया अरेस्ट

सरे में दूसरे युवक को जबरन वसूली और घर पर फायरिंग के मामले में पकड़ा

यदि किसी के पास इस नेटवर्क से जुड़ी जानकारी हो तो वे पुलिस से संपर्क करें

नई दिल्ली :

कनाडा में अलग-अलग आपराधिक मामलों में पंजाबी मूल के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। ब्रैम्पटन में एक युवक पर महिला का यौन शोषण और मानव तस्करी का आरोप लगा है, जबकि सरे में दूसरे युवक को जबरन वसूली और घर पर फायरिंग करने के मामले में पकड़ा गया है। पील रिजनल पुलिस ने ब्रैम्पटन निवासी 23 साल के कबीर जांगड़ा को गिरफ्तार किया है। वहीं, सरे पुलिस सर्विस ने 27 साल के जसकरण सरोय को जबरन वसूली और एक घर पर फायरिंग के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस नेटवर्क से जुड़ी कोई जानकारी हो तो वे पुलिस से संपर्क करें।

पहला मामला

पील रिजनल पुलिस के अनुसार, कबीर ने साल 2025 में एक महिला से संपर्क कर उसे अपने झांसे में लिया और बाद में जबरन देह व्यापार में धकेल दिया। आरोपी करीब पांच महीने तक महिला से अवैध तरीके से कमाई करता रहा। अप्रैल में पुलिस ने छापेमारी कर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और 24 अप्रैल को कबीर जांगड़ा को गिरफ्तार कर लिया। पील रिजनल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मानव तस्करी, तस्करी से लाभ कमाने और यौन सेवाओं के विज्ञापन जारी करने समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।

दूसरा मामला

वहीं, सरे पुलिस के मुताबिक तड़के करीब 2:52 बजे 94A एवेन्यू और 127 स्ट्रीट के पास एक घर पर गोलियां चलाई गई थीं। घटना के समय परिवार घर के अंदर मौजूद था, हालांकि किसी को चोट नहीं आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरे पुलिस की एक्स्टॉर्शन रिस्पांस टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और खुफिया जानकारी के आधार पर संदिग्ध वाहन की पहचान की गई। बाद में कोर्ट से सर्च वारंट हासिल कर पुलिस ने सरे के एक घर में छापेमारी की और मुख्य आरोपी जसकरण सरोय को गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *