पटियाला स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित हुई सब जूनियर स्टेट कुराश चैंपियनशिप रही शानदार
जालंधर, नकोदर स्थित कैम्ब्रिज इंटरनेशनल स्कूल के खिलाड़ियों ने 1 और 2 अगस्त 2026 को पटियाला के साहिब नगर थेरी स्थित स्पोर्ट्स क्लब में आयोजित सब जूनियर स्टेट कुराश चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक रजत और तीन कांस्य सहित कुल चार पदक अपने नाम किए।

पंजाब कुराश एसोसिएशन द्वारा इंडियन कुराश एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस चैंपियनशिप में पूरे पंजाब से करीब 300 सब जूनियर खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। स्कूल के तेजवीर सिंह संधू ने -40 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीतकर आगामी सब जूनियर नेशनल कुराश चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 4 से 7 सितंबर 2026 तक लुधियाना में आयोजित होगी, जिसमें तेजवीर पंजाब का प्रतिनिधित्व करेंगे। वहीं स्नोई (-24 किग्रा), हरकीरत कौर (-28 किग्रा) और हरनूर कौर (-36 किग्रा) ने अपने-अपने वर्ग में कांस्य पदक हासिल किए।

स्कूल की प्रिंसिपल संध्या दीवान और डायरेक्टर रिपु जीत आंगरा ने खिलाड़ियों और कोच अवनी शर्मा तथा सिमरन को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और कोचों के समर्पित प्रशिक्षण का ही परिणाम है कि स्कूल ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने तेजवीर सिंह संधू को राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वह राष्ट्रीय स्तर पर भी स्कूल और पंजाब का नाम रोशन करेंगे।


