पास्टर अंकुर नरूला पर फूटा पीड़ित परिवार का गुस्सा, बोले- जेल में बंद अपने पास्टर को तो माफी दिला लें

पंजाब
Spread the love

जालंधर। पंजाब के जालंधर में 13 वर्षीय मासूम बच्ची की रेप के प्रयास के बाद हत्या के मामले में पास्टर अंकुर नरूला के आरोपी हरमिंदर सिंह उर्फ रिंपी को माफी दिलाने को लेकर दिए बयान पर पीड़ित परिवार का गुस्सा फूट गया। उन्होंने पास्टर नरूला को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उनकी मानसिकता ही खराब है।

बच्ची के परिवार ने रविवार को प्रेस कांफ्रेंस में पास्टर अंकुर नरूला के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई। परिवार ने आरोप लगाया कि उन्हें लगता है कि हत्यारोपी हरमिंदर रिंपी पास्टर नरूला का ही बंदा है। इसलिए उसको बचाने के लिए पास्टर ने इस तरह का बयान दिया। जोकि उनके जख्मों पर नमक छिडकने जैसा है।

परिवार के लोगों ने कहा कि अगर दोषियों को माफ करने की इतनी ही बात है, तो भारत की जेलों में बंद हत्या और बलात्कार के आरोपियों को क्यों नहीं रिहा करवा कर माफी दिलाएं। पास्टर अंकुर नरूला को चाहिए कि वे सभी जेलें खाली करवाकर ऐसे आरोपियों को अपने घर ले जाएं और उनके पाप माफ करवा दें। परिवार ने यह भी कहा कि उनका एक अपना पास्टर बजिंदर रेप के केस में जेल में बंद है। पहले नरूला को उनका पाप माफ करवा कर उन्हें रिहा करवाना चाहिए, उसके पाप क्यों माफ नहीं हुए।

परिवार का दर्द इस कद्र छलक रहा था कि उन्होंने कहा कि अगर पास्टर नरूला पीड़ित परिवार के साथ खड़े नहीं हो सकते थे, तो उन्हें ऐसे बयान देकर उनके दर्द को और बढ़ाने की जरूरत नहीं थी। उनके जख्मों पर नमक न छिड़कें।

उनका कहना है कि इस बयान से उनके जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया गया। बेटी के साथ हुई दरिंदगी और मौत से पूरा पंजाब ही नहीं, देश भर के लोग दुखी हैं, लेकिन कुछ प्रभावशाली लोग इस संवेदनशील मामले को गलत ढंग से उलझाकर झूठी शोहरत बटोरना चाहते हैं।

बता दें कि 14 दिसंबर को पास्टर अंकुर नरूला का विवादित वीडियो सामने आया था। इसमें पास्टर धर्म के नाम पर आरोपी को उकसाता नजर आ रहा था। वीडियो में अंकुर नरूला आरोपी रिंपी के बारे में कहता है कि देख आज तेरे धर्म के लोग तुझसे मुंह मोड़ रहे हैं। तू हमारे धर्म का नहीं है। तू यीशु मसीह के पास आ जा, तेरे पाप माफ होंगे।

फ्रंट ने जारी कराया पास्टर को लीगल नोटिस

इंटरनेशनल खालिस्तानी टेररिस्ट रेजिस्टेंस फ्रंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरसिमरन सिंह मंड ने पास्टर नरूला के इस बयान के बाद लुधियाना के वकील गौरव अरोड़ा के माध्यम से अंकुर नरूला को एक लीगल नोटिस भेजा है, जिसमें चेतावनी दी गई है कि यदि 24 घंटे के भीतर बिना शर्त माफी नहीं मांगी गई तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

अंकुर नरूला का यह था विवादित बयान

सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई वीडियो में अंकुर नरूला कह रहा है कि कोई बंदा पाप कर बैठा और उसके धर्म के लोग कह रहे हैं कि वह आरोपी उनके धर्म का नहीं है। उसके धर्म वालों ने उसका साथ छोड़ दिया है। इसके बाद अंकुर नरूला कह रहे हैं कि वह सोच रहे थे कि काश उस बंदे से उन्हें बात करने का मौका मिले, लेकिन वह उनकी चर्च का बंदा नहीं है। फिर भी वह उसे बताना चाहता है कि देख एक पापी की इस जगत में कोई हैसियत नहीं है, लेकिन देख यशु मसीह तेरे पाप माफ करने के लिए क्रूस पर चढ़ा है।
अंकुर नरूला ने कहा कि मैं यह नहीं कहता कि तेरे पाप माफ हो गए तो तेरी सजा खत्म या कम हो जाएगी। कानून तुझे अपने हिसाब से देखेगा, लेकिन मैं तुम्हें कहना चाहता हूं कि आजा यीशु मसीह के पास, तेरे पाप तो माफ हों। अंकुर नरूला आगे कहते हैं कि ये दुनियां तेरी नहीं है, अगर तेरी होती तो इस डाउन टाइम पर तुझे इस तरह नहीं छोड़ती।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *