सरबजीत कौर के पाकिस्तान से भारत वापसी का मामला अब भी अधर में, परिवार का आरोप–ब्लैकमेलिंग के बाद क‍िया न‍िकाह

आज की ताजा खबर
Spread the love

उनकी भारत वापसी की तैयारी हुई थी, लेकिन पाक गृह मंत्रालय द्वारा एनओसी जारी न किए जाने के कारण मामला अटक गया

सरबजीत के परिवार ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं, परिजनों का आरोप-सरबजीत को अगवा किया, ब्लैकमेल किया गया

करनैल सिंह का आरोप-नासिर ने आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल और पाकिस्तान आने के लिए मजबूर किया

मामला फिलहाल लाहौर हाईकोर्ट में विचाराधीन है, जहां उनकी शादी की वैधता और तीर्थयात्रा वीजा के कथित दुरुपयोग की जांच

पंजाब डेस्क

भारतीय नागरिक सरबजीत कौर की पाकिस्तान से भारत वापसी का मामला अब भी अधर में लटका हुआ है। नवंबर 2025 में सिख श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ पाकिस्तान गई सरबजीत की वापसी को लेकर एक समय उम्मीद जगी थी, जब पाकिस्तान की ओर से उन्हें भारत भेजने के संकेत मिले थे, लेकिन बाद में पाक सरकार ने इस दिशा में कदम पीछे खींच लिए। फिलहाल सरबजीत कौर को लाहौर के एक शेल्टर होम में रखा गया है। इससे पहले उनकी भारत वापसी की तैयारी हुई थी, लेकिन पाकिस्तान के गृह मंत्रालय द्वारा एनओसी जारी न किए जाने के कारण मामला अटक गया।

धर्म परिवर्तन और निकाह

सरबजीत के परिवार ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि सरबजीत को अगवा किया गया, ब्लैकमेल किया गया और उनकी मर्जी के खिलाफ जबरन धर्म परिवर्तन कराकर एक पाकिस्तानी व्यक्ति से निकाह कराया गया। बाद में खबर आई कि इस्लाम कबूल कर नाम नूर फातिमा रख लिया है।

पति करनैल सिंह का दावा

भारत में सरबजीत के पति करनैल सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी की सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी नागरिक नासिर हुसैन से बातचीत होती थी। आरोप है कि नासिर ने आपत्तिजनक वीडियो और तस्वीरों के जरिए सरबजीत को ब्लैकमेल किया और पाकिस्तान आने के लिए मजबूर किया।

लाहौर हाईकोर्ट में मामला

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरबजीत की कुछ ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग सामने आई हैं, जिनमें वह मदद की गुहार लगाते हुए भारत लौटने की इच्छा जता रही हैं। मामला फिलहाल लाहौर हाईकोर्ट में विचाराधीन है, जहां उनकी शादी की वैधता और तीर्थयात्रा वीजा के कथित दुरुपयोग की जांच चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *