जालंधर। रोटरी आई बैंक एवं कॉर्नियल ट्रांसप्लांटेशन सोसायटी होशियारपुर की तरफ से प्रधान जे.बी. बहल के नेतृत्व में डिप्टी कमिश्नर जालंधर डा. हिमांशु अग्रवाल से विशेष भेंट की गई। जिसमें रोटरी आई बैंक सोसायटी की ओर से किए जा रहे नेत्रदान संबंधी कार्यों के बारे मे विस्तृत जानकारी प्रदान की। जालंधर में नेत्रदानी और शरीर दानियों के परिवारों को गणतंत्र दिवस पर सम्मानित करने हेतु प्रार्थना की गई।
प्रधान जे.बी. बहल ने सोसायटी के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सोसायटी की शुरुआत 1998 में की गई थी। अब तक 4149 लोगों को नई आंखें निशुल्क लगवाई जा चुकी हैं, जोकि पिछले काफी समय से कॉर्निया ब्लाइंडनेस से पीड़ित थे। बहल ने बताया कि अब तक सोसायटी की तरफ से 29 शरीर मरणोपरांत विभिन्न मेडिकल कॉलेजो को अनुसंधान के लिए भेजे हैं। 237 लोगों ने शरीर दान करने हेतु प्रण पत्र भरे हैं।
डिप्टी कमिश्नर ने उन्हें विश्वास दिलाया है कि वह इस पुनीत कार्य के लिए उन परिवारों को गणतंत्र दिवस के मौके पर सम्मानित करेंगे, जिन्होंने अपने प्रियजनों की मृत्यु उपरांत आंखें दान करवाई है।
इस मौके पर डिप्टी कमिश्नर डा. हिमांशु अग्रवाल ने सोसायटी के द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी कॉर्नियल ब्लाइंडनेस से पीड़ित व्यक्ति को रोशनी प्रदान करना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। उन्होंने अन्य सोसायटियों को अपील करते हुए कहा कि वह भी रोटरी आई बैंक सोसायटी का अनुसरण करते हुए नेत्रदान संबंधी लोगों को जागरूक करें, सहयोग भी करें। ताकि देश से कॉर्नियल ब्लाइंडनेस को जड़ से खत्म करने का जो बीड़ा सोसाइटी ने उठाया है उसे पूरा किया जा सके।
इस अवसर पर सचिव प्रो. दलजीत सिंह ने बताया कि गुरबिंदर सिंह जज जोकि पूर्व जिला गवर्नर अलायंस क्लब जालंधर में सेवा के कार्यों में अग्रणीय कार्य कर रहे हैं। सोसायटी के माध्यम से नेत्रदान के बारे में लोगों को जागरुक कर रहे हैं। जिसके कारण सैकड़ों लोग नेत्रदान प्रण पत्र भर चुके हैं। 20 लोगों ने मरणोपरांत नेत्रदान भी किए है। उन्होंने बताया कि जालंधर से ही समाजसेवी तिलक राज शर्मा भी सामाजिक क्षेत्र में बढ़िया कार्य कर रहे हैं। वह भी सोसायटी कार्यों से प्रभावित होकर नेत्रदान जागरूकता हेतु विभिन्न मोहल्लो में नुक्कड़ बैठकें कर लोगों को जागरूक करेंगे, ताकि उनकी भी इस पुण्य के कार्य में भागीदारी शामिल हो सके।

