बुजुर्ग का मर्डर कर लाश दुकान में छिपाई, स्पोर्ट्स दुकान से ₹8.50 लाख और कार चुराई, अंबाला से हत्यारोपी गिरफ्तार

क्राइम
Spread the love

जालंधर वेस्ट का क्षेत्र बना अपराधियों की राजधानी, पुलिस का डर खत्म – रविंदर धीर

जालंधर। पंजाब के जालंधर में सनसनीखेज वारदात सामने आई है।  जहां बस्ती नौ स्थित स्पोर्टस शॉप सन फ्लाई में काम करने वाले एक युवक ने दुकान से 8.50 लाख रुपए की चोरी की। चोरी का विरोध करने वाली बुजुर्ग की हत्या कर लाश को दुकान के अंदर ही छिपा दिया।

दुकान मालिक की कार लेकर फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने आरोपी को हरियाणा के अंबाला शहर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और चोरी समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान इंद्रजीत के रूप में हुई है, जो मूल रूप से आदमपुर के रहने वाले थे और पिछले कई वर्षों से स्पोर्ट्स मार्केट के पास रह रहे थे।

8–10 साल से दुकान में करता था काम

दुकान की मालकिन मधु गुप्ता ने बताया कि आरोपी सोनू पिछले 8 से 10 सालों से उनकी दुकान पर काम कर रहा था। शुरुआती तौर पर उन्हें लगा कि सोनू दुकान से ₹8.50 लाख चोरी कर फरार हो गया है, लेकिन पुलिस पूछताछ में मामला कहीं अधिक भयावह निकला।
मधु ने बताया कि इस घटना का पता सुबह उसको तब चला जब हरियाणा से अंबाला पुलिस का फोन आया कि आपकी गाड़ी का एक्सीडेंट हुआ है। दुकान खोली तो कैश बॉक्स टूटा हुआ था और खाली था। ऊपर साथ वाली छत पर खून के धब्बे थे।

चोरी के दौरान हुआ विवाद, उतार दिया मौत के घाट

पुलिस जांच में सामने आया कि 20 जनवरी को चोरी करते समय सोनू का दुकान के पास रहने वाले बुजुर्ग इंद्रजीत से विवाद हो गया था। बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने इंद्रजीत की हत्या कर दी और शव को दुकान के अंदर ही छिपा दिया।

CCTV फुटेज से खुला राज

मधु गुप्ता के अनुसार, एक ग्राहक के पैसे गलती से दुकान में ही रह गए थे। अगली सुबह जब दुकान खोली गई तो तिजोरी खाली मिली। CCTV फुटेज खंगालने पर सामने आया कि सोनू रात में ताले तोड़कर दुकान में दाखिल हुआ और बोरी में नकदी भरकर बाहर निकलता दिखा। सबूत मिटाने के लिए उसने CCTV कैमरों की तारें भी काट दी थीं।

चोरी की कार के साथ अंबाला से पकड़ा गया आरोपी

वारदात के बाद आरोपी चोरी की कार लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने तकनीकी जांच और पीछा कर अंबाला से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से चोरी की कार भी बरामद की गई है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस वारदात में सोनू के साथ एक अन्य व्यक्ति भी शामिल था, जिसकी तलाश जारी है।

आम आदमी भगवान भरोसे दिन काट रहा – रविंदर धीर

कारोबारी नेता रविंद्र धीर ने कहा कि चोरी करने वालों के हौसले बुलंद है। पुलिस प्रशासन का कोई डर अपराधियों को नहीं है और हर तरफ महानगर मे अराजकता फैली हुई है। जालंधर वेस्ट का क्षेत्र अपराधियों के लिए अपराधियों की राजधानी बन गया है। आम आदमी असहाय भगवान भरोसे दिन काट रहा है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रही। मौके पर पहुंचने वालों में प्रेम उप्पल, शाम सुंदर महाजन, परवीन आनंद, रमेश आनंद, संजय मेहंदी रत्ता और राहुल कोहली मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *