7 महीने से जेल में बंद हैं मजीठिया, घर पर स्वागत की तैयारियों में जुटे समर्थक
पंजाब के पूर्व मंत्री एवं शिरोमणि अकाली दल (SAD) के सीनियर नेता बिक्रम सिंह मजीठिया कुछ ही देर बाद पटियाला की नाभा जेल से रिहा होने जा रहे हैं। उनकी रिहाई को लेकर नाभा जेल के बाहर पुलिस ने सुरक्षा बंदोबस्त कड़े कर दिए हैं। मजीठिया के समर्थकों का जेल के बाहर जमावड़ा लगने लगा है। मजीठिया की विधायक पत्नी भी नाभा जेल पहुंच चुकी हैं, जहां उन्होंने कहा कि जितना धक्का करना था कर लिया। मजीठिया के जेल से बाहर आने से लेकर अमृतसर स्थित घर में स्वागत की जोरदार तैयारियां की गई हैं। वह 7 महीने से नाभा जेल में बंद हैं।
रिहाई में लग रहा कुछ समय – प्रवक्ता
बताया जा रहा है क रिहाई के बाद मजीठिया पहले पटियाला में गुरुद्वारा साहिब जाएंगे और उसके बाद वह अमृतसर या चंडीगढ़ जा सकते हैं। वहीं, अकाली दल के प्रवक्ता अर्शदीप कलेर ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के ऑर्डर लेट अपडेट हुए थे। उसके बाद कागजी कार्रवाई हुई। अभी बेल बॉन्ड भरे जाने हैं। इसमें अभी कुछ समय लग सकता है।
कल मिली थी सुप्रीम कोर्ट से जमानत
मजीठिया को आय से अधिक संपत्ति के केस में कल सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली थी। उनके वकील ने कहा कि अब ट्रायल कोर्ट तय प्रक्रिया के दौरान मजीठिया की बेल पर कंडीशन लगा सकती है।
बाबा ढिल्लों की मुलाकात के बाद सीएम ने कसा तंज
मजीठिया के जेल से बाहर आने से पहले ही बयानबाजी भी शुरू हो गई है। कल जमानत मिलने से पहले डेरा ब्यास के मुखी बाबा गुरिंदर ढिल्लो ने जेल में मजीठिया से मुलाकात की। बाहर आकर उन्होंने मजीठिया पर दर्ज किए ड्रग्स व अन्य केस को गलत ठहरा दिया था।
इसको लेकर अब CM भगवंत मान ने डेरा मुखी का नाम लिखे बिना सोशल मीडिया पर तंज कसा। मान ने लिखा- कल बन जाए, भले आज बन जाएं, अदालतों का भगवान ही रखवाला, जहां मुलाकाती ही जज बन जाएं।
डेरा की संगत और पंजाब की जनता अपनाम का जवाब देगी – भाजपा
CM की पोस्ट के बाद भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा प्रवक्ता प्रितपाल सिह बलियेवाल ने कहा- अति का खुदा से भी बैर होता है। अब आप भगवान रूपी आत्माओं की भी नुक्ताचीनी करने लगे हैं। राधा स्वामी सत्संग ब्यास के मुखिया बाबा गुरिंदर सिंह जी करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र हैं, लेकिन आपको कौन समझाए। डेरा की संगत और पंजाब की जनता इस अपमान का जवाब देगी।



