मुकेरियां की है घटना, बच्ची सामान लेने गई थी दुकान, कुत्तों के झुंड ने घेरा
आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर से देखने को मिला। जब होशियारपुर जिले के मुकेरियां स्थित गांव कौलपुर में आवारा कुत्तों के एक झुंड ने 10 साल की मासूम बच्ची को बुरी तरह नोच डाला। बच्ची की पहचान प्रभजोत कौर के रूप में हुई है। वह घर से दुकान पर सामान लेने जाने को निकली थी। इस घायल बच्ची को कई टांकें लगाने की नौबत आई।
इलाके की एक महिला की तत्परता से बच्ची की जान बच पाई। बच्चों से छुड़वा कर घायल बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना ने इलाके के लोगों में दहशत का माहौल बना दिया है। लोगों का कहना है कि गलियों में बच्चों का निकलना दूभर हो गया है। लोग इन आवारा कुत्तों पर काबू पाने की मांग कर रहे हैं।
होशियारपुर के अंतर्गत आते मुकेरियां के गांव कौलपुर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुत्तों के एक हिंसक झुंड ने बच्ची पर हमला कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 वर्षीय प्रभजोत कौर अपने घर के पास स्थित एक दुकान से सामान खरीदने के लिए निकली थी।
जैसे ही वह गली के मोड़ पर पहुंची, अचानक वहां मौजूद आवारा कुत्तों के झुंड ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। इससे पहले कि बच्ची कुछ समझ पाती या वहां से भाग पाती, कुत्तों ने उस पर हमला कर उसे जमीन पर गिरा दिया।
बच्ची की चीखें सुनकर दौड़ी महिला, बचाई जान
कुत्तों के हमले के दौरान बच्ची की चीख-पुकार सुनकर पूरे मोहल्ले में सन्नाटा पसर गया। गनीमत रही कि गली में रहने वाली एक महिला ने साहस दिखाया और तुरंत लाठी लेकर बच्ची की ओर दौड़ी। महिला ने शोर मचाकर और कुत्तों को डराकर बच्ची को उनके चंगुल से छुड़ाया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर समय रहते महिला वहां न पहुंचती, तो कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी क्योंकि कुत्तों का झुंड बेहद आक्रामक था।
कूल्हे, घुटने और टांग पर आए गहरे घाव
बच्ची की मां हर्षविंदर कौर ने रोते हुए बताया कि कुत्तों ने उनकी बेटी प्रभजोत को बुरी तरह से काट लिया है। कुत्तों के दांतों के गहरे निशान बच्ची के कूल्हे, घुटने और टांग पर आए हैं। लहूलुहान हालत में बच्ची को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे कई टांके लगाए। फिलहाल बच्ची का इलाज चल रहा है, लेकिन वह इस हादसे के बाद से गहरे सदमे में है।
आवारा कुत्तों की संख्या पर रोक लगाने की मांग
इस घटना के बाद कौलपुर गांव के निवासियों में गहरा डर और प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। हर्षविंदर कौर और अन्य ग्रामीणों ने पंजाब सरकार और स्थानीय प्रशासन से गुहार लगाई है कि आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर लगाम लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

