विदेश में संपत्ति का मामला : पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह कल होंगे ED के सामने पेश, बेटे रणइंद्र को आज बुलाया

आज की ताजा खबर पॉलिटिक्स
Spread the love

जालंधर: प्रवर्तन निदेशालय (ED) के समन पर पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह और बेटे रणइंद्र सिंह को बुलाया गया है। 11 फरवरी को ED ने पूर्व सीएम और उनके बेटे को संपत्तियों से जुड़ी जांच मामले में पूछताछ के लिए बुलाया था। रणइंद्र आज ईडी के सामने पेश होंगे, जबकि पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह 13 फरवरी को ED दफ्तर पहुंचेंगे। बता दें कि इससे पहले भी उनको ईडी ने कई बार बुलाया, लेकिन सेहत के कारण और घुटनों की रिप्लेसमेंट के चलते कैप्टन अमरिंदर सिंह पेश नहीं हो पाए थे।

हाईकोर्ट के आदेश के बाद ईडी ने जांच तेज करते हुए ताजा समन फरवरी 2026 को जारी किया है। इसका उद्देश्य रणइंद्र सिंह और कैप्टन अमरिंदर सिंह से उन ट्रांजेक्शन और विदेशी निवेश के बारे में आमने-सामने पूछताछ करना है, जिनका रिकॉर्ड इनकम टैक्स डिपार्टमेंट और विदेशी एजेंसियों से मिला था।

पिता-पुत्र पर फेमा जांच, स्विस बैंक में खाते का आरोप

2006 से विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत दर्ज मामले में पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और उनके बेटे पर जांच चल रही है। आरोप है कि पिता पुत्र की कई देशों में संपत्तियां हैं, जिनकी जानकारी नहीं दी गई थी। 2006 में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने आरोप लगाया कि रणइंदर सिंह और उनके परिवार के सदस्य ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स में बनाए गए एक ट्रस्ट और उससे जुड़े विदेशी बैंक खातों के लाभार्थी हैं। इनमें स्विस बैंका का भी खाता होने का आरोप है। 2006 से चल रहा मामला कई कानूनी पेचीदगियों में फंसा रहा, लेकिन सितंबर 2025 में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने फैसला सुनाया। कोर्ट ने ED को उन सभी दस्तावेजों और सबूतों की जांच करने की परमिशन दे दी जो इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने जुटाए थे।

आरोप, ट्रसट के जरिए विदेश में पॉपर्टी बनाई

जांच एजेंसियों का दावा है कि कैप्टन फैमिली ने ट्रस्ट के जरिए ब्रिटेन और अन्य देशों में करोड़ों की कीमत की प्रॉपर्टियां बनाई हैं। इनका लेखा-जोखा भारत में इनकम टैक्स को नहीं दिखाया गया। ये भी आरोप है कि इन संपत्तियों को खरीदने के लिए इस्तेमाल किए गए पैसे का सोर्स भी नहीं बताया है। इससे फेमा नियमों को तोड़ा गया है। शुरुआत में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने लुधियाना की अदालत में शिकायत दर्ज की थी कि उन्होंने अपनी विदेशी संपत्ति और आय की जानकारी छुपाई है। इसी शिकायत के आधार पर ED ने अपनी जांच शुरू की ताकि मनी लॉन्ड्रिंग और फारेन करंसी नियमों के उल्लंघन का पता लगाया जा सके।

हर जांच एजेंसी के साथ करेंगे सहयोग- रणइंद्र

ED के सामने पेश होने से पहले कैप्टन के बेटे रणइंद्र सिंह ने एक्स पर पोस्ट डालकर लिखा है कि कानून का पालन करने वाले नागरिक होने के नाते हम प्रत्येक जांच एजेंसी के साथ पूरा सहयोग करेंगे। हमें कानून के शासन पर पूर्ण विश्वास है और हमें भरोसा है कि सत्य और न्याय की ही जीत होगी। बता दें कि रणइंद्र को आज पेश होना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *