अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी का ड्रेस कोर्ड को लेकर सख्त आदेश, कहा- कुर्ता पैजामा पहनना अनिवार्य
ब्यूरो. शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के दफ्तरों में अब पैंट शर्ट पहनकर जाने वाले मुलाजिमों की खैर नहीं। अगर वह पैंट शर्ट पहनकर दफ्तर जाते हैं तो उनके खिलाफ सख्त एक्शन लेते हुए विभागीय कार्रवाई की जाएगी। नया ड्रेस कोड लागू करने के बड़े फैसला के बाद SGPC के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने सभी कर्मचारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं।
नए आदेशों के अनुसार, SGPC दफ्तरों में अब कोई भी मुलाजिम पैंट-शर्ट पहनकर ड्यूटी पर नहीं आएगा। वहां काम करने वाले सभी कर्मचारियों को पारंपरिक सिख पहनावा पजामा-कुर्ता पहनकर ही कार्यालय आना होगा।
आदेशों की सख्ती से पालना कराया जाएगा
स्वर्ण मंदिर के मैनेजर राजिंदर सिंह रूबी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अध्यक्ष के आदेशों की सख्ती से पालना करवाई जाएगी। कमेटी का फैसला है कि यह कदम सिख मर्यादा और परंपराओं की पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है, ताकि दफ्तरों में सिखी की स्पष्ट झलक नजर आए।
सिख परंपराओं के सम्मान का संदेश मिले
SGPC अध्यक्ष धामी ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई कर्मचारी इन हिदायतों की अनदेखी करता पाया गया, तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। उन्होंने कहा कि धार्मिक संस्था की पहचान बनाए रखने के लिए ऐसे कदम जरूरी हैं। देश-विदेश से आने वाली संगत को हर स्तर पर सिख परंपराओं के सम्मान का संदेश मिलना चाहिए।

