भारतीय महिला क्रिकेट टीम को किया प्रतिष्ठित लॉरियस वर्ल्ड टीम ऑफ द ईयर अवार्ड के लिए शॉर्टलिस्ट
अब 70 से अधिक देशों के 1,000 से अधिक प्रतिनिधियों की वोटिंग पर पुरस्कार के विजेता का ऐलान होगा
नई दिल्ली ब्यूरो. लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवार्ड्स को खेल जगत का सबसे बड़ा सम्मान समारोह माना जाता है. जो भी खिलाड़ी या टीम ये अवार्ड जीतती है, उनके लिए बड़ा सम्मान का विषय होता है. जिसके कारण ही इसे ‘खेलों का ऑस्कर’ भी कहा जाता है. अब भारतीय महिला क्रिकेट टीम को प्रतिष्ठित लॉरियस वर्ल्ड टीम ऑफ द ईयर अवार्ड के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है. जिसकी जानकारी खुद बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके दिया है. ये भारतीय क्रिकेट के लिए भी बड़ा सम्मान होने वाला है।
बड़ी टीमों के साथ भारतीय टीम हुई है शॉर्टलिस्ट
लॉरियस वर्ल्ड टीम ऑफ द ईयर अवार्ड के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम के अलावा 5 और टीमों को भी शॉर्टलिस्ट किया गया है. जिसमें फ्रांस की फुटबॉल टीम पेरिस सेंट-जर्मेन, यूके की मैकलारेन फॉर्मूला 1 टीम, यूरोप की गोल्फ खेलने वाली यूरोपीय राइडर कप टीम, यूके की इंग्लैंड महिला फुटबॉल टीम और यूएसए की बास्केटबॉल टीम ओक्लाहोमा सिटी थंडर भी शामिल है. अब 70 से अधिक देशों के 1,000 से अधिक खेल मीडिया प्रतिनिधियों के वोटों के आधार पर पुरस्कार के विजेता का ऐलान किया जाएगा. ये अवॉर्ड फंक्शन 20 अप्रैल 2026 को स्पेन के मैड्रिड में होने वाला है।
भारत में महिला क्रिकेट का बढ़ता कद दिखाता है
बीसीसीआई के प्रेसिडेंट मिथुन मन्हास ने टीम के शॉर्टलिस्ट होने पर कहा, ‘यह नामांकन भारतीय क्रिकेट के लिए अत्यंत गर्व की बात है. हमारी महिला टीम ने असाधारण कौशल, दृढ़ संकल्प और निरंतरता का प्रदर्शन किया है, जिसका परिणाम 2025 में ऐतिहासिक आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप जीत के रूप में सामने आया. वैश्विक खेल जगत की कुछ सबसे प्रतिष्ठित टीमों के साथ सम्मानित होना उनकी कड़ी मेहनत और भारत में महिला क्रिकेट के बढ़ते कद को दिखाता है. हमें विश्वास है कि उनकी उपलब्धियों ने विश्व मंच पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।’
सचिव देवजीत सैकिया का भी इस पर आया बयान
बोर्ड ने जो प्रेस रिलीज जारी की है. उसमें प्रेसिडेंट के अलावा सचिव का भी बयान है. बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने इस उपलब्धि पर कहा, ‘2025 विश्व कप की जीत न केवल टीम के लिए बल्कि हमारे देश के संपूर्ण क्रिकेट जगत के लिए एक ऐतिहासिक क्षण था. टीम ने युवा लड़कियों की एक नई पीढ़ी को क्रिकेट खेलने के लिए प्रेरित किया है और हम आने वाले वर्षों में इस सफलता को बनाए रखने के लिए काम कर रहे हैं. हम उम्मीद करते हैं कि एक साल में टीम की असाधारण यात्रा को सर्वोच्च मान्यता मिलेगी और भारत की खेल विरासत में एक और गौरवशाली अध्याय जुड़ेगा।’

