कुख्यात गैंगस्टर गोपी लाहौरिया के दो गुर्गों समेत कुल चार आरोपी गिरफ्तार
30 बोर की पिस्टल, 60 जिंदा कारतूस और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद
बटाला ब्यूरो. बटाला पुलिस ने टारगेट किलिंग की साजिश को नाकाम करते हुए कुख्यात गैंगस्टर गोपी लाहौरिया के दो गुर्गों समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी बटाला मेहताब सिंह ने पुलिस लाइन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि डीजीपी पंजाब और डीआईजी बॉर्डर रेंज के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जसप्रीत सिंह उर्फ जस्सी और अमृत सिंह को काबू किया है।
गोपी लाहौरिया के कहने पर हथियार और कारतूस दिए
पुलिस ने आरोपियों के पास से 30 बोर की पीएक्स-5 पिस्टल, 60 जिंदा कारतूस और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि मोगा निवासी पंकज ने उन्हें गोपी लाहौरिया के कहने पर हथियार और कारतूस दिए थे। इसके बाद गैंगस्टर ने उन्हें बटाला में किसी व्यक्ति को टारगेट करने का निर्देश दिया था।
आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा
पुलिस के अनुसार बटाला में लवप्रीत सिंह उर्फ लव और महिंदरपाल सिंह उर्फ नन्नी ने आरोपियों की मदद की। लवप्रीत ने उन्हें 25 हजार रुपये, एक पिस्टल, तीन कारतूस और बिना नंबर की मोटरसाइकिल दी थी। दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा ताकि मामले में और खुलासे हो सकें।


