मां तेजिंदर कौर ने कनाडा पुलिस से सख्त कार्रवाई और इंसाफ की मांग की
नई दिल्ली ब्यूरो. कनाडा में रहने वाली जालंधर मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर Nancy Grewal की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद नैन्सी की मां Tejinder Kaur मीडिया के सामने आईं और कई चौंकाने वाले आरोप लगाए। घटना के बाद उनकी मां तेजिंदर कौर ने कुछ लोगों पर दुश्मनी का आरोप लगाते हुए कनाडा पुलिस से सख्त कार्रवाई और इंसाफ की मांग की है। जिन 3 से 4 लोगों पर उन्हें शक है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनकी बेटी को न्याय दिलाया जाए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
अस्पताल तक पहुंचने का मौका नहीं मिला
उन्होंने कहा कि उनकी बेटी की बेरहमी से हत्या की गई है और उसे अस्पताल तक पहुंचने का मौका भी नहीं मिला। मां का आरोप है कि बेटी के कुछ दुश्मन कनाडा में गुरुद्वारा साहिब से जुड़े हुए हैं और उनमें से एक व्यक्ति, जो Jasveer Singh Rode का रिश्तेदार बताया जा रहा है, उससे दुश्मनी रखता था और उससे माफी मांगने का दबाव डाल रहा था।
सच के रास्ते पर चलने वाली लड़की थी
मां के मुताबिक नैन्सी जरूरतमंदों की मदद करने वाली और सच के रास्ते पर चलने वाली लड़की थी। उन्होंने दावा किया कि पहले भी नैन्सी पर हमला किया जा चुका था और एक बार उनके घर में आग लगाने की घटना भी हुई थी, हालांकि उस समय वह बच गई थीं। हाल ही में किसी संदिग्ध व्यक्ति द्वारा उनके घर की रेकी करने की भी बात सामने आई है, जो सीसीटीवी कैमरे देखकर वहां से भाग गया था।
वर्ष 2018 में कनाडा में नर्सिंग कोर्स किया
परिवार के अनुसार नैन्सी वर्ष 2018 में कनाडा गई थीं, जहां उन्होंने नर्सिंग का कोर्स किया था। बाद में वह एक कंपनी में सुबह नौकरी करती थीं और शाम को दूसरी कंपनी में भी काम करती थीं। मां ने बताया कि उनकी बेटी को कई बार धमकी भरे फोन कॉल भी मिल चुके थे और इन सभी मामलों की शिकायत कनाडा पुलिस को दी गई थी।

