राज्य में आपराधिक घटनाओं और नशे के कारण मौतों का नहीं रुक रहा सिलसिला
चंडीगढ़, वरिष्ठ कांग्रेस नेता और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने आज चंडीगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और नियंत्रण से बाहर नशे की समस्या पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को पंजाब की कोई फिक्र नहीं है। वह एक डरपोक मुख्यमंत्री हैं। पंजाब को डरपोक नहीं बल्कि समझदार और दिलेर मुख्यमंत्री की जरूरत है। ताकि पंजाब में बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था को सुधारा जा सके और नशे के कारण बर्बाद हो रहे परिवारों को बचाया जा सके।
रंधावा ने कहा कि पंजाब में आज हालात यह हैं कि नशे के कारण नौजवान मौत का ग्रास बन रहे हैं। पिता को अपने जवान पुत्रों की अर्थियों को कांधा देना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री इस दर्द को कभी समझ नहीं पाएंगे। इन पिताओं के दर्द को समझ कर नशे के खिलाफ सख्त एक्शन लेने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि आज से सालों पहले आतंकवाद के दौरान पंजाब में सात करोड़ रुपए की डकैती हुई थी और आज गुरदासपुर में एक बार फिर से आम आदमी पार्टी की सरकार के कार्याकाल में 7 करोड़ की बड़ी डकैती हुई है। पुलिस सो रही है। हालात यह हैं कि घटना के घंटों बाद पुलिस आ रही है। एसएसपी शहर में होने के बावजूद घटनास्थल पर नहीं पहुंचते। पंजाब में अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं। आज भी मोगा सरपंच की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। पंजाब के लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। जबकि नागरिकों की सुरक्षा सरकार की प्रथामिकता होनी चाहिए।
सीएम मान पर तंज कसते हुए रंधावा ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री अधिक समय तो अस्तपालों में ही रहते हैं। मोगा रैली में भी अस्पताल से गए और फिर से अस्पताल में आकर दाखिल हो गए। जैसे कैदी पैरोल पर बाहर आते हैं।
पूर्व उपमुख्यमंत्री रंधावा ने कहा कि हर रोज हो रही आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था को तुरंत मजबूत करने की जरूरत है। नशे के तस्करों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ कड़े कदम उठाए जाएं। नशे से पीड़ित युवाओं और परिवारों के लिए पुनर्वास और सहायता प्रणाली को लागू किया जाना चाहिए। कांग्रेस पंजाब के लोगों के साथ खड़ी है।


