मार्च के पहले हफ्ते में दिखाया गर्मी ने रंग, तापमान 35°C तक पहुंचा, मौसम विभाग ने बताया बड़ा कारण

आज की ताजा खबर मौसम
Spread the love

 

पिछले वर्षों में वैसे तापमान सामान्य तौर पर 29 से 30°C के बीच रहता था

तापमान में 5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज, मौसम में तेजी से बदलाव का संकेत

गुरदासपुर ब्यूरो. मौसम में अचानक आए बदलाव के कारण गुरदासपुर जिले में मार्च के पहले हफ्ते में ही गर्मी का असर महसूस होने लगा है। सामान्य से कम बारिश और तापमान में तेजी से बढ़ोतरी ने लोगों के साथ-साथ किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। मौसम में आए इस बदलाव का असर कृषि क्षेत्र पर भी पड़ सकता है। यदि तापमान इसी तरह बढ़ता रहा तो गेहूं की फसल में दाना बनने की प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है और पैदावार घटने की आशंका है।

गुरदासपुर में दिन का औसत तापमान करीब 35°C

मौसमी आंकड़ों के मुताबिक इन दिनों गुरदासपुर में दिन का औसत तापमान करीब 35°C दर्ज किया जा रहा है, जबकि पिछले वर्षों में इसी समय तापमान सामान्य तौर पर 29 से 30°C के बीच रहता था। इस तरह तापमान में करीब 5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो मौसम में तेजी से हो रहे बदलाव का संकेत माना जा रहा है। इसके साथ ही रात के तापमान में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है।

कम बारिश के कारण मिट्टी में नमी की कमी आई

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सर्दियों में सामान्य से कम बारिश होने के कारण मिट्टी में नमी की कमी आ गई है, जिससे तापमान तेजी से बढ़ रहा है। आमतौर पर होली के आसपास मध्यम या भारी बारिश देखने को मिलती है, लेकिन इस बार यह त्योहार भी सूखा ही गुजर गया, जिससे गर्मी का असर पहले ही शुरू हो गया है।

गर्मी का असर दैनिक दिनचर्या पर भी दिखने लगा

वहीं बढ़ती गर्मी का असर लोगों की दैनिक दिनचर्या पर भी दिखाई देने लगा है। दोपहर के समय धूप तेज होने के कारण बाजारों और सड़कों पर आवाजाही कुछ कम हो गई है। अचानक बढ़ते तापमान से डिहाइड्रेशन, थकान और सिरदर्द जैसी स्वास्थ्य समस्याएं भी बढ़ सकती हैं। यदि आने वाले दिनों में बारिश नहीं हुई तो तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिसका असर पर्यावरण, जलस्रोतों और जीव-जंतुओं पर भी पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *