बदमाशों ने काली गाड़ी में पीछा कर रोकने की कोशिश की, सफल न होने पर चलाई गोलियां
नवांशहर, पंजाब की म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर पंजाबी सिंगर राणा सहोता पर नवांशहर के पास अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमले किया और उनकी कार पर गोलियां चलाईं। वह बाल-बाल बचे। बताया जा रहा है कि एक संदिग्ध काले रंग की कार ने सिंगर का पीछा किया और उनको जबरन रोकने का प्रयास किया। जब राणा सहोता ने खतरा भांपते हुए गाड़ी नहीं रोकी, तो बदमाशों ने हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
राणा सहोता इस हमले में बाल-बाल बच गए, लेकिन घटना के बाद से वह गहरे सदमे में हैं। पंजाब में बीते कुछ वर्षों में कलाकारों और गायकों पर होने वाले हमलों ने पूरी इंडस्ट्री को डरा दिया है।
सिंगर राणा सहोता ने बताया कि वह बुधवार को अपनी कार खुद चलाकर नवांशहर के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक काले रंग की संदिग्ध कार ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। काफी दूरी तक पीछा करने के बाद, हमलावरों ने अपनी गाड़ी उनकी कार के बिल्कुल बराबर में लगा दी। कार के अंदर बैठे कुछ युवकों ने उन्हें खिड़की से हाथ देकर गाड़ी रोकने का इशारा किया। राणा सहोता ने बताया कि उनकी नीयत भांपते ही वह समझ गए कि कुछ गलत होने वाला है। उन्होंने हिम्मत दिखाई और अपनी गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी।
तेजी से भगाई कार तो बची जान
जब हमलावरों ने देखा कि सिंगर अपनी गाड़ी रोकने के मूड में नहीं हैं, तो उन्होंने अपनी कार से ही हवाई फायर करना शुरू कर दिए। गोलियां चलने की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। इसके बाद बदमाश अपनी कार को तेजी से भगाते हुए मौके से गायब हो गए।
हमले की गहराई से जांच करने की लगाई गुहार
राणा सहोता ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस मामले की गहराई से जांच की जाए। उन्होंने कहा कि एक कलाकार के तौर पर हम केवल मनोरंजन करते हैं, लेकिन इस तरह के हमले हमें मानसिक तौर पर तोड़ देते हैं। प्रशासन को दोषियों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे डालना चाहिए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही नवांशहर पुलिस हरकत में आ गई है। स्थानीय थाना पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की एक विशेष टीम घटना स्थल और उसके आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि उस काले रंग की कार का नंबर और हमलावरों के चेहरे पहचाने जा सकें। अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।

