आम आदमी पार्टी की गारंटी सिर्फ एक नारा नहीं, एक विश्वास है, जिसे पूरा करना हमारी जिम्मेदारी : अमृतपाल सिंह

आज की ताजा खबर पॉलिटिक्स
Spread the love

आम आदमी पार्टी की सरकार ने महिलाओं के कल्याण के लिए पहले भी कई महत्वपूर्ण फैसले लिए – थियाड़ा

जालंधर: आम आदमी पार्टी के जिला प्रधान जालंधर शहरी अमृतपाल सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी की राजनीति भरोसे, ईमानदारी और लोगों से किए गए वादों को पूरा करने की प्रतिबद्धता पर आधारित है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल की गारंटी सिर्फ चुनावी नारा नहीं है, बल्कि लोगों से किया गया वह वादा है जिसे पूरा करना पार्टी की जिम्मेदारी है और आम आदमी पार्टी की सरकार हर वादा पूरा करके दिखा रही है।

अमृतपाल सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार ने सामाजिक न्याय और महिलाओं के अधिक सशक्तिकरण को सुनिश्चित करने के लिए ऐतिहासिक फैसला लिया है। इस योजना के तहत अनुसूचित जाति की महिलाओं को प्रति माह ₹1500 और 18 वर्ष से अधिक आयु की अन्य महिलाओं को प्रति माह ₹1000 की सीधी आर्थिक सहायता दी जाएगी।

देहाती प्रधान प्रदीप दुग्गल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लिए गए फैसले ऐतिहासिक हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को मिलने वाली यह आर्थिक सहायता उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूत करेगी और घरेलू खर्चों में भी बड़ी मदद साबित होगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का यह फैसला सामाजिक न्याय और समानता की दिशा में एक बड़ा कदम है।

ईमानदार सरकार में पैसा भ्रष्टाचार में नहीं जाता

अमृतपाल सिंह ने कहा कि फर्क साफ है—पुरानी राजनीति और नई राजनीति का। पिछली सरकारें धर्म, जाति और पहचान के नाम पर वोट मांगती रहीं, लेकिन महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए कभी गंभीर प्रयास नहीं किए। आम आदमी पार्टी की सरकार ने राजनीति की दिशा ही बदल दी है। अब सरकारी पैसा लोगों की भलाई पर खर्च हो रहा है क्योंकि ईमानदार सरकार में पैसा भ्रष्टाचार में नहीं जाता।

एक साथ हो रहे कई बड़े विकास कार्य

उन्होंने कहा कि आज पंजाब में एक साथ कई बड़े विकास कार्य हो रहे हैं। सरकारी स्कूलों को सुधारा जा रहा है, अस्पतालों को मजबूत किया जा रहा है, आम आदमी क्लीनिक खोले जा रहे हैं, बिजली मुफ्त दी जा रही है और अब महिलाओं को आर्थिक सम्मान दिया जा रहा है। केजरीवाल की भरोसे की राजनीति आज पूरा देश देख रहा है कि जहां भी आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है, वहां किए गए वादे पूरे होते हैं।

यह केवल योजना नहीं, मां-बहनों का सम्मान – थियाड़ा

हलका इंचार्ज जालंधर कैंट राजविंदर कौर थियाड़ा ने कहा कि यह सिर्फ एक योजना नहीं है, बल्कि पंजाब की माताओं, बहनों और बेटियों के सम्मान का फैसला है। पंजाब सरकार ने इस योजना के लिए अपने बजट में ₹9300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जो देश में महिलाओं के लिए सबसे बड़ी सीधी वित्तीय सहायता योजनाओं में से एक है।

उन्होंने बताया कि यह राशि सीधे महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी और यह योजना 13 अप्रैल को बैसाखी के मौके पर शुरू की जाएगी। इसे सफल बनाने के लिए पंजाब भर में विशेष रजिस्ट्रेशन कैंप लगाए जाएंगे ताकि हर पात्र महिला आसानी से इस योजना में शामिल हो सके।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने महिलाओं के कल्याण के लिए पहले भी कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत मुफ्त इलाज और घरों के लिए मुफ्त बिजली जैसे फैसलों ने मिलकर पंजाब की महिलाओं के लिए एक मजबूत सामाजिक सुरक्षा तंत्र तैयार किया है।

ये रहे मौजूद

इस मौके पर कृष्णा ग्रेवाल (दोआबा देहाती महिला प्रधान), शोभा भगत (महिला विंग शहरी प्रधान), तरनदीप सन्नी (दोआबा मीडिया इंचार्ज), संजीव भगत (जिला मीडिया इंचार्ज जालंधर) और हरमिंदर कौर सहित अन्य पार्टी नेता भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *