200 km/h की स्पीड बनी जानलेवा

आज की ताजा खबर देश
Spread the love

33 साल के तरसेम सिंह की कार सामने से आ रही जीप से जा टकराई

जीप सवार 17 साल की ऐशली होम्स की मौत हो गई, जोकि गर्भवती थी

आरोपी पर 1 मिलियन डॉलर (करीब 9.4 करोड़ ) का जुर्माना लगाया है

कोर्ट का सख्त रुख, मामले की अगली सुनवाई 3 अप्रैल को तय की है

नई दिल्ली

अमेरिका के ओहियो राज्य में तेज रफ्तार का खौफनाक हादसा सामने आया है, जहां पुलिस से बचने की कोशिश में एक युवक की लापरवाही ने दो जिंदगियां छीन लीं। बताया जा रहा है कि गाड़ी की स्पीड करीब 200 किमी/घंटा तक पहुंच गई थी। इसी दौरान नियंत्रण खोने पर पंजाबी मूल के 33 साल के तरसेम सिंह की कार सामने से आ रही जीप से जा टकराई। इस हादसे में जीप में सवार 17 साल की ऐशली होम्स की मौके पर ही मौत हो गई। वह गर्भवती थी, और इस दुर्घटना में उसके अजन्मे बच्चे की भी जान चली गई।

युवक पर 9.4 करोड़ का जुर्माना

हादसे के बाद कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी पर 1 मिलियन डॉलर (करीब 9.4 करोड़ रुपये) का जुर्माना लगाया है। मामले की अगली सुनवाई 3 अप्रैल को तय की गई है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी पर गैर-इरादतन हत्या, लापरवाही से हत्या और एग्रवेटेड व्हीकुलर होमिसाइड समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

आरोपी अमेरिका में अवैध बसा था

पंजाबी मूल के 33 साल के तरसेम सिंह ने पुलिस से बचने के लिए अपनी रेंज रोवर को तेज रफ्तार में भगाया। साथ ही यह भी सामने आया है कि आरोपी अमेरिका में अवैध रूप से रह रहा था, जिसके चलते इमिग्रेशन विभाग ने भी उस पर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है और लोग सड़क सुरक्षा को लेकर कड़े कानून की मांग कर रहे हैं।

16 फरवरी 2026 रात की घटना

पुलिस के अनुसार, घटना 16 फरवरी 2026 की रात करीब 8:15 बजे हुई। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया था। जांच में सामने आया कि पुलिस ने पहले उसे स्पीड लिमिट से ज्यादा रफ्तार पर चलते देखा और रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने गाड़ी रोकने के बजाय और तेज भगा दी। करीब 5 मील तक पीछा करने के बाद यह दर्दनाक हादसा हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *