कपूरथला से आए 30 से अधिक श्रद्धालु थे सवार, ढलियारा मोड़ पर वाहन हुआ अचानक अनियंत्रित
कांगड़ा, हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां पंजाब से आए श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली करीब 100 फीट गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में 3 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि छोटे बच्चों समेत 32 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों का देहरा अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दोपहर करीब 12:15 बजे हुआ यह हादसा
यह हादसा नेशनल हाईवे-503 पर ढलियारा स्थित राधा स्वामी सत्संग घर के पास दोपहर करीब 12:15 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में कपूरथला (पंजाब) से आए 30 से अधिक श्रद्धालु सवार थे। ढलियारा मोड़ पर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सीधे खाई में जा गिरा।
पुलिस टीम पहुंची और राहत व बचाव कार्य
देहरा के एसपी मयंक चौधरी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। ट्रॉली में 35 से ज्यादा लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। कई लोग सुरक्षित भी बच गए हैं, जबकि घायलों को हल्की चोटें आई हैं।
हादसा ट्रैक्टर ब्रेक फेल होने के कारण हुआ
जांच में सामने आया है कि हादसा ट्रैक्टर के ब्रेक फेल होने के कारण हुआ। श्रद्धालु चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन करने के बाद ज्वालाजी मंदिर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस तरह की लापरवाही कई बार जानलेवा साबित होती है।
पुलिस के साथ मिल घायलों को बाहर निकाला
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस के साथ मिलकर घायलों को खाई से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। गौरतलब है कि मोटर व्हीकल एक्ट के तहत ट्रैक्टर-ट्रॉली में यात्रियों को ले जाने की अनुमति नहीं होती, लेकिन इसके बावजूद श्रद्धालु अक्सर इसी तरह यात्रा करते हैं।

