कमरे के दरवाजे तक उखड़ गए और अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया
कमरे से चार गैस सिलेंडर, रिफिलिंग पाइप और इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद
पुलिस अब उस गैस एजेंसी की भी जांच कर रही, जहां से सिलेंडर लाए जाते थे
बड़े से छोटे सिलेंडरों में अवैध तरीके से गैस भरने का काम कर रहे थे युवक
घनी आबादी और रेल ट्रेक पास होने के कारण बड़ा हादसा भी हो सकता था
जालंधर
जालंधर के शाम नगर इलाके में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करते समय बड़ा हादसा हो गया। गैस लीक होने के बाद हुए जोरदार धमाके में एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि कमरे के दरवाजे तक उखड़ गए और अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-1 की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान कमरे से चार गैस सिलेंडर, रिफिलिंग पाइप और इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मकान मालिक से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब उस गैस एजेंसी की भी जांच कर रही है, जहां से सिलेंडर लाए जाते थे। फरार आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।
छोटे सिलेंडरों में गैस भरने का काम कर रहे थे युवक
जानकारी के मुताबिक, इलाके में किराए के कमरे में रह रहे कुछ युवक बड़े सिलेंडरों से छोटे सिलेंडरों में अवैध तरीके से गैस भरने और चोरी करने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गैस लीक हुई और जोरदार विस्फोट हो गया।धमाका इतना तेज था कि कमरे का लोहे का गेट उखड़कर बाहर जा गिरा। घटना के समय एक युवक खाना बनाने की कोशिश कर रहा था, जो बुरी तरह झुलस गया। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
धमाके की आवाज सुनकर बाहर निकल आए लोग
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह इलाका घनी आबादी वाला है और पास ही रेलवे ट्रैक भी है। अगर आग फैल जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने आरोप लगाया कि यहां काफी समय से अवैध गैस रिफिलिंग का काम चल रहा था और अक्सर गैस की बदबू भी आती थी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे अवैध धंधों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

