भूकंप का केंद्र बदाखशान के ज़ायबक क्षेत्र में बताया गया
वहीं इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.0 दर्ज की गई
किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं
हाल ही में इलाके में भूकंप के झटके महसूस किए जा चुके
नई दिल्ली
शनिवार सुबह जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों, खासकर कश्मीर घाटी में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। झटकों के बाद लोग एहतियातन घरों से बाहर निकल आए, हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। गौरतलब है कि 2005 में आए 7.6 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप ने दोनों ओर भारी तबाही मचाई थी, जिसमें हजारों लोगों की जान गई थी और बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ था।
जमीन से लगभग 190 किलोमीटर नीचे थी गहराई
भूकंप का केंद्र बदाखशान के ज़ायबक क्षेत्र में बताया गया है। अफगानिस्तान में आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.0 दर्ज की गई। भूकंपीय आंकड़ों के अनुसार, यह झटका सुबह करीब 8:24 बजे आया और इसकी गहराई जमीन से लगभग 190 किलोमीटर नीचे थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, झटके महसूस होते ही कई लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और कुछ समय तक बाहर ही रहे। हालांकि स्थिति सामान्य होने के बाद लोग वापस अपने घरों में लौट गए।
अत्यंत संवेदनशील भूकंपीय क्षेत्र में कश्मीर घाटी
इससे पहले भी हाल के महीनों में इलाके में भूकंप के झटके महसूस किए जा चुके हैं। मार्च में डोडा जिले में 4.2 तीव्रता का भूकंप आया था, जबकि फरवरी में 4.7 तीव्रता का झटका बारामूला के पट्टन क्षेत्र में दर्ज किया गया था, जिससे लोगों में दहशत फैल गई थी। विशेषज्ञों के अनुसार, कश्मीर घाटी एक अत्यंत संवेदनशील भूकंपीय क्षेत्र में स्थित है। भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा जारी भूकंपीय जोखिम मानचित्र में पूरे हिमालयी क्षेत्र को उच्च जोखिम वाले जोन में रखा गया है।

