रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में पुलिस तैनात
हर आने-जाने वाले यात्री की सघन तलाशी ली जा रही
नजर रखने के लिए सीसीटीवी की निगरानी बढ़ाई है
बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर तैनात किया गया
बठिंडा
बठिंडा में रेलवे ट्रैक को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई हैं। रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हर आने-जाने वाले यात्री की सघन तलाशी ली जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ा दी गई है और बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर तैनात किया गया है।
यात्रियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील
पुलिस और रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी को कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखाई दे, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें। यात्रियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा गया है कि जांच प्रक्रिया के दौरान धैर्य बनाए रखें, ताकि सुरक्षा में किसी तरह की चूक न हो और सभी की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
धमकी देने वालों की पहचान की कोशिश
गौरतलब है कि इससे पहले चंडीगढ़ के डॉ. भीमराव अंबेडकर कॉलेज को भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है, जिसके बाद वहां भी सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। पुलिस का कहना है कि हर सूचना को गंभीरता से लिया जा रहा है और जांच के जरिए धमकी देने वालों की पहचान करने की कोशिश जारी है।

