कनाडा में संदिग्ध मौत से परिवार सदमे में; 3 साल पहले गई थी विदेश
मौत कैसे हुई इसके बारे में परिवार को भी अभीतक कुछ भी पता नहीं
प्रतिभा की उम्र 29 साल थी और शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं हैं
पुलिस ने अभीतक मौत के कारणों पर आधिकारिक बयान नहीं दिया है
पंजाब डेस्क
पंजाब के अहमदगढ़ की युवती की कनाडा के ब्रैम्पटन में मौत हो गई। उसका शव घर की सीढ़ियों के पास मिला है। उसकी मौत कैसे हुई इसके बारे में परिवार को भी अभी तक कुछ भी पता नहीं है। प्रतिभा की उम्र 29 साल थी और वो करीब साढ़े तीन साल पहले कनाडा गई थी। परिजनों के मुताबिक उसके शरीर पर कोई भी चोट के निशान नहीं हैं। शनिवार की दोपहर संजीव और उनकी पत्नी इंदु जिंदल बेहद खुश थे। प्रतिभा ने फोन पर उनसे लंबी बात की थी और वह अपने काम व जीवन को लेकर काफी उत्साहित थी लेकिन शाम होते ही स्थिति बदल गई। परिजनों ने प्रतिभा के मोबाइल पर कई कॉल किए, लेकिन दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं आया। अनहोनी की आशंका के बीच उन्होंने प्रतिभा के इंप्लायर को फोन किया। कंपनी के अधिकारियों ने तुरंत कनाडाई पुलिस से संपर्क कर दखल देने की मांग की।
कनाडाई पुलिस की ओर से जांच
कनाडा की ब्रैम्पटन पुलिस ने इस मामले में गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने मृतका की दिनचर्या और उसके करीबियों के बारे में जानकारी जुटाई है। घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और चश्मदीदों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने अभी तक मौत के कारणों पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी।
MSC गोल्ड मेडलिस्ट थी प्रतिभा
प्रतिभा गुप्ता पढ़ाई में बेहद होनहार थी। एमएससी मैथ्स थी और विदेश जाने से पहले वह पंजाब में एक अध्यापिका के रूप में सेवाएं दे रही थी। करीब साढ़े तीन साल पहले वह वर्क परमिट पर कनाडा गई थी और वर्तमान में वहां एक निजी ट्रांसपोर्ट कंपनी में कार्यरत थी। हालांकि, उसे अभी तक कनाडा की स्थायी निवासी (PR) का दर्जा नहीं मिला था।
शव लाने के लिए सरकार से गुहार
अपनी इकलौती संतान को खोने वाले माता-पिता अब बेबस हैं। वे बस इतना चाहते हैं कि उनकी बेटी का पार्थिव शरीर एक बार फिर पंजाब की धरती पर आ सके। फतेहगढ़ साहिब के सांसद अमर सिंह बोपाराय ने इस मामले में गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि मैंने विदेश मंत्रालय (MEA) से संपर्क कर इस दुखद मामले में तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि मृतका के शव को जल्द से जल्द अहमदगढ़ लाया जा सके।”


