जालंधर में बंद कपड़े दुकान में लगी आग

आज की ताजा खबर पंजाब
Spread the love

हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ

एएसआई गुलजार सिंह ने खुद दुकान का शटर तोड़ राहत कार्य शुरू किया

दमकल विभाग की टीम ने पहुंचकर मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया

साहस व तत्परता का परिचय देने वाले ASI की इलाके में हुई खूब सराहना

जालंधर।

जालंधर के जंडियाला मंजकी इलाके में सोमवार सुबह एक कपड़े की दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लगने का मामला सामने आया है। इस हादसे में करीब 50 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।
एएसआई गुलजार सिंह ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए खुद दुकान का शटर तोड़कर राहत कार्य शुरू किया, जिसकी इलाके में खूब सराहना हो रही है। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा भारी मात्रा में कपड़ों का स्टॉक जल चुका था।

लपटें निकलती देख हड़कंप मच गया

जानकारी के अनुसार, ‘Force Nxt’ नाम की यह कपड़ों की दुकान हरविंदर सिंह की है। सोमवार तड़के दुकान से धुआं और आग की लपटें निकलती देख हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही एएसआई गुलजार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि दुकान बंद थी और अंदर आग तेजी से फैल रही थी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने दमकल विभाग का इंतजार करने के बजाय खुद ही कार्रवाई शुरू कर दी। पास खड़े एक ट्रैक्टर से कुल्हाड़ी लेकर उन्होंने दुकान का शटर तोड़ना शुरू कर दिया। जिससे दमकल विभाग की टीम को अंदर पहुंचकर आग बुझाने में आसानी हुई।

आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट है

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि दुकानदार रविवार को दुकान की लाइट बंद करना भूल गए थे, जिससे तारों में गर्मी बढ़ने के कारण यह हादसा हुआ।इस दौरान एक और चिंताजनक बात सामने आई कि कई लोग मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाने में लगे रहे। इस पर एएसआई गुलजार सिंह ने लोगों से अपील की कि ऐसे समय में वीडियो बनाने की बजाय राहत कार्य में सहयोग करें। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। खासकर एएसआई गुलजार सिंह के साहसिक कदम की हर ओर प्रशंसा हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *