भारत नगर मार्केट के पार्षद के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया
बिना जांच और पूछताछ के कोई समझौता नहीं किया जाएगा
रोहित का आरोप- शुभम ने पिटाई की और कपड़े फाड़ दिए
शुभम की सफाई- रोहित दफ्तर से गया, तब कपड़े भी सही थे
पार्षद मनमोहन सिंह राजू ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया
जालंधर
जालंधर में नगर निगम के एक कर्मी के साथ कथित मारपीट को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि वार्ड नंबर 20 के पार्षद मनमोहन सिंह राजू के बेटे शुभम ने उस पर हमला किया। इस घटना के बाद पीड़ित और अन्य कर्मियों ने भारत नगर मार्केट स्थित पार्षद के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने भी मामले में कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है बिना जांच और पूछताछ के कोई समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
पीड़ित ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़ित रोहित ने बताया कि वह कच्चा कर्मी है और अपने दो साथियों के साथ शिकायत लेकर दफ्तर गया था। उसका आरोप है कि वहां पार्षद और उनके बेटे ने उसके साथ मारपीट की। रोहित का कहना है कि कुछ दिन पहले धार्मिक स्थल गया था, जिसकी रंजिश निकालते हुए शुभम ने बेरहमी से पिटाई की और कपड़े फाड़ दिए।
पार्षद के बेटे ने भी दी सफाई
पार्षद के बेटे शुभम ने भी कहा कि इलाके में गंदे पानी की समस्या पर उसने रोहित को काम में सहयोग के लिए बुलाया था। उसका आरोप है कि रोहित ने आते ही एक बुजुर्ग कर्मचारी के साथ अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब रोहित दफ्तर से गया, तब वह पूरी तरह ठीक था और उसके कपड़े भी सही थे।
पार्षद ने आरोप बताये निराधार
वहीं दूसरी ओर पार्षद मनमोहन सिंह राजू ने इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि घटना स्थल की निगरानी फुटेज मौजूद है, जिसमें साफ दिखाई देता है कि कर्मी ने खुद अपने कपड़े फाड़े और हंगामा किया। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के बीच केवल बहस हुई थी, मारपीट नहीं।


