20 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचे ED अधिकारी, दिल्ली, गुरुग्राम और चंडीगढ़ में कई ठिकानों पर छापामारी
मंत्री संजीव अरोड़ा पर महीने भर में ईडी की दूसरी कार्रवाई, दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की
चंडीगढ़। पंजाब में आम आदमी पार्टी के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा को गिरफ्तार कर लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ईडी की टीम ने उन्हें चंडीगढ़ के घर से गिरफ्तार किया है। बता दें कि सुबह से ही संजीव अरोड़ा के चंडीगढ़ में सरकारी आवास, दिल्ली और गुरुग्राम और चंडीगढ़ में कई ठिकानों पर छापामारी की। चंडीगढ़ के सेक्टर 2 में ED टीम की 20 गाड़ियां एक साथ पहुंची और पूरे घर का घेराव कर लिया। इसके बाद बाहर CRPF के जवान तैनात कर दिए गए। बताया जा रहा है कि टीम ने लंबे समय तक दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की। वहीं ईडी की इस कार्रवाई के बाद पंजाब की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। मंत्री संजीव अरोड़ा पर महीने भर में ईडी की दूसरी कार्रवाई है।
महीने में ईडी की दूसरी बार की गई रेड
संजीव अरोड़ा पर साल में तीसरी और महीने में दूसरी बार ED ने रेड की है। ED सोर्सेज के मुताबिक 4 ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन चल रहा है। इसमें सरकारी घर के साथ हैंपटन स्काई रियलिटी लिमिटेड के ऑफिस पर भी रेड हुई है। जांच एजेंसी को कथित तौर पर 100 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी जीएसटी खरीद बिलों और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े इनपुट मिले हैं।
फिर भी दूसरी बार उन्हें कुछ नहीं मिला
इससे पहले उनके लुधियाना के ठिकानों पर दबिश हुई थी। वहीं इस रेड पर भड़के सीएम भगवंत मान ने ट्वीट कर भाजपा पर निशाना साधा है। सीएम ने एक्स पर लिखा-‘आज फिर बीजेपी की ईडी संजीव अरोड़ा के घर आई है। एक साल में यह तीसरी बार है जब बीजेपी की ईडी उनके घर आई है, और एक महीने में दूसरी बार। फिर भी उन्हें कुछ नहीं मिला।’
अनैतिक गठबंधन खत्म करेगा पंजाब
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ‘मैं मोदी जी से कहना चाहता हूँ कि पंजाब गुरुओं की धरती है; औरंगजेब भी इसे झुका नहीं पाया था। यह भगत सिंह की धरती है, जिन्होंने अंग्रेजों के सामने कभी सिर नहीं झुकाया; इसलिए पंजाब मोदी की चालों के आगे कभी नहीं झुकेगा। पंजाब, ईडी और भाजपा के इस अनैतिक गठबंधन को खत्म कर देगा।’


