पंजाब में फिर बिगड़ेगा मौसम

आज की ताजा खबर पंजाब
Spread the love

अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई

हालांकि तापमान अभी भी सामान्य से करीब 5 डिग्री नीचे बना हुआ

मौसम विभाग मुताबिक 10 मई को मौसम साफ व शुष्क बना रहेगा

11 से 14 मई तक राज्य में आंधी और बारिश को लेकर यलो अलर्ट

चंडीगढ़ :

पंजाब और चंडीगढ़ में एक बार फिर तापमान बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक 10 मई को मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। शुक्रवार के मुकाबले अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि तापमान अभी भी सामान्य से करीब 5 डिग्री नीचे बना हुआ है, इसलिए फिलहाल हीटवेव की संभावना नहीं जताई गई है। बठिंडा सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.1°C रिकॉर्ड किया गया। वहीं 11 से 14 मई तक राज्य में आंधी और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

पश्चिमी विक्षोभ से बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग अनुसार पाकिस्तान के मध्य हिस्से और पंजाब-राजस्थान के ऊपर बना चक्रवाती सिस्टम अभी सक्रिय है। हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल से होते बांग्लादेश तक ट्रफ रेखा बनी है, जिससे उत्तर भारत के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।

अगले 48 घंटों में तापमान बढ़ने के आसार

मौसम विज्ञान के अनुसार अगले 48 घंटों में तापमान करीब 2 डिग्री तक बढ़ सकता है। इसके बाद मौसम में बदलाव आने से तापमान 3 से 4 डिग्री तक गिर सकता है। इसके साथ ही 12 मई को तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है।

पेड़ों व बिजली खंभों से दूर रहने की सलाह

11 मई को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, रूपनगर और मोहाली में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *