दिल्ली एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट हलवारा एयरपोर्ट पर लैंड
शेड्यूल में कई बदलावों के बाद अब फ्लाइट संचालन शुरू
दिल्ली से हलवारा तक सफर 1 घंटा 15 मिनट में पूरा होगा
वहीं पहली उड़ान पर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला
लुधियाना
आखिरकार लुधियाना को अपना एयरपोर्ट मिल गया है। शुक्रवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट हलवारा एयरपोर्ट पर लैंड हुई। इसके साथ ही हलवारा एयरपोर्ट से नियमित उड़ान सेवा की शुरुआत हो गई है। हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 फरवरी को वर्चुअल माध्यम से एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था, लेकिन शेड्यूल में कई बदलावों के बाद अब फ्लाइट संचालन शुरू हो पाया है।
अब 90 मिनट पहले एयरपोर्ट पहुंचना होगा
एयर इंडिया अब हलवारा और दिल्ली के बीच रोजाना दो फ्लाइट्स संचालित करेगी। यात्रियों को अब लुधियाना और आसपास के इलाकों से सीधे दिल्ली पहुंचने की सुविधा मिलेगी। दिल्ली से हलवारा तक का सफर करीब 1 घंटा 15 मिनट में पूरा होगा। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अनुसार यात्रियों को 90 मिनट पहले एयरपोर्ट पहुंचना होगा। तय समय के बाद किसी भी यात्री को एयरपोर्ट के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
पहली उड़ान के लिए लोगों में खासा उत्साह
शुक्रवार सुबह दिल्ली से हलवारा पहुंची पहली फ्लाइट में केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू, राज्यसभा सांसद राजिंदरा गुप्ता और विक्रमजीत सिंह साहनी समेत भाजपा के कई नेता और आम यात्री सवार थे। वहीं हलवारा से दिल्ली रवाना हुई फ्लाइट में भी बड़ी संख्या में यात्री मौजूद रहे। एयरपोर्ट पर पहली उड़ान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
बड़े शहरों तक पहुंचने में बड़ी आसानी होगी
नई एयर कनेक्टिविटी शुरू होने से लुधियाना और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। खासतौर पर होजरी और उद्योग कारोबार से जुड़े व्यापारियों को दिल्ली के जरिए मुंबई, कोलकाता और अन्य बड़े शहरों तक पहुंचने में आसानी होगी। उद्योगपतियों का मानना है कि हलवारा एयरपोर्ट शुरू होने से व्यापार, निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही पंजाब की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।


