बल अस्पताल के बाहर चली गोली, भाई को बचाने पहुंचे युवक पर जानलेवा हमला, हालात गंभीर

आज की ताजा खबर क्राइम
Spread the love

पुरानी रंजिश के चलते देसी कट्टे से चलाई गोली, युवक के पेट में लगी

ब्यूरो. जालंधर की कालियां कॉलोनी के पास बल अस्पताल के बाहर बदमाशों ने एक युवक को देसी कट्टे से गोली मार दी। घायल की पहचान सोढल रोड, शिव नगर निवासी सौरव सिंह के रूप में हुई है। उसके पेट में गोली लगने के बाद उसे गंभीर हालत में निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। थाना एक की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, लेकिन आरोपी अभी फरार हैं।

परिवार ने पुलिस प्रशासन से इंसाफ की गुहार लगाई है। परिवार ने आरोपियों की तस्वीर भी जारी की है। जिसमें अनमोल और अन्य 2 उसके साथी हैं, जिन्होंने इस घटना को अंजाम दिया है।

पुरानी रंजिश के चलते कुछ हुआ हमला

घायल भाई बॉबी ने बताया कि वह टूर एंड ट्रेवल का काम करता है। उसका दफ्तर बल अस्पताल के पास है और बीती रात वह अपने दोस्त के साथ बल अस्पताल में दाखिल एक पहचान वाले का हाल चाल जानने के लिए अस्पताल में पहुंचा था। जहां उसने अपने एक दोस्त शुभम से पेट्रोल पंप के पास से पानी की बोतल लाने को भेजा। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद बदमाशों ने पुरानी रंजिश के चलते उसके दोस्त पर हमला कर दिया। दोस्त भागकर उसके पास पहुंचा और लड़ाई होने की जानकारी दी।

बॉबी को बचाने आया था भाई सौरव

बॉबी ने कहा कि वह हमलावरों को समझाने की कोशिश कर रहे थे, तभी उन्होंने मुझ पर भी हमला कर दिया। इसी बीच लड़ाई की सूचना उसके बड़े भाई सौरव सिंह को फोन पर मिली। सौरव तुरंत उसे बचाने के लिए बल अस्पताल के पास पहुंच गया। उक्त हमलावरों ने उस पर भी हमला कर दिया। इससे पहले भाई बचाव कर पाता, हमलावरों में से एक ने देसी कट्टे से गोली चला दी। गोली सीधे सौरव के पेट में जा लगी। गोली चलाने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही पुलिस

घायल सौरव को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। थाना एक की पुलिस मामले की जांच करने में जुट गई है। थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। घायल युवक बयान देने की हालत में नहीं है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *