बठिंडा सबसे गर्म जिला रहा, अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस
मानसून की एंट्री 30 जून से 5 जुलाई 2026 के बीच होने की संभावना
इस बार राज्य में सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान जताया गया
वहीं, 20 से 23 मई तक पंजाब के 22 जिलों में हीटवेव का असर रहेगा
चंडीगढ़
पंजाब और चंडीगढ़ में गर्मी लगातार रिकॉर्ड तोड़ रही है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने 24 मई तक हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार को पंजाब के कई जिलों में लू चली, जबकि बठिंडा सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पंजाब में मानसून की एंट्री 30 जून से 5 जुलाई 2026 के बीच होने की संभावना है। इस बार राज्य में सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान जताया गया है।
अगले 3 दिन और बढ़ सकती गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान और पाकिस्तान के रेगिस्तानी इलाकों से आने वाली गर्म और सूखी हवाओं के कारण पंजाब, खासकर मालवा क्षेत्र में भीषण गर्मी पड़ रही है। अगले कुछ दिनों में 2 से 3 डिग्री तक पारा बढ़ सकता है। विभाग के मुताबिक 20 से 23 मई तक पंजाब के 22 जिलों में हीटवेव का असर रहेगा। बठिंडा, फाजिल्का, फिरोजपुर, मानसा, संगरूर, पटियाला, लुधियाना, जालंधर, अमृतसर, मोहाली और अन्य जिले शामिल हैं।
बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा पर असर
भीषण गर्मी का असर अब बिजली, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। पंजाब में बिजली की मांग इस सीजन में पहली बार 13,555 मेगावाट तक पहुंच गई। चंडीगढ़ प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। सरकारी दफ्तरों, स्कूलों, मॉल और होटल्स में AC का तापमान 24 से 25 डिग्री के बीच रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।
अस्पतालों में हीट स्ट्रोक वार्ड तैयार
पंजाब के सरकारी और मान्यता प्राप्त अस्पतालों में विशेष हीट स्ट्रोक वार्ड बनाए गए हैं। स्वास्थ्य संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 104 जारी किया गया है। चंडीगढ़ प्रशासन ने स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि छोटे बच्चों को तेज धूप से बचाया जाए। खेलकूद और बाहरी गतिविधियां सुबह या छायादार जगहों पर कराने को कहा गया है। स्कूलों में पीने के पानी और वाटर कूलर की उचित व्यवस्था रखने के भी निर्देश जारी हुए हैं।


