पंप की छत पर पाइपों में अचानक आग लगने से हड़कंप
फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाया
घटना दौरान पेट्रोल पंप कर्मचारियों में अफरा-तफरी मची
अनुमति रद्द कर इसे किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट किया जाए
जालंधर
जालंधर के गुरु अर्जन देव नगर, बस्ती इलाके में स्थित मिठू एचपी पेट्रोल पंप की छत पर पाइपों में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के दौरान पेट्रोल पंप कर्मचारियों में अफरा-तफरी फैल गई। हालांकि, समय रहते एक व्यक्ति ने फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल कर आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय खालसा जिला INTK प्रधान लक्की के अनुसार, यह इस पेट्रोल पंप पर आग लगने की तीसरी घटना है।
सुरक्षा को लेकर कदम नहीं उठाए जा रहे
इससे पहले भी दो बार आग लग चुकी है, जिनमें एक बार बाइक भी जल गई थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पेट्रोल पंप प्रबंधन द्वारा सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं, जिससे इलाके में डर का माहौल है। घनी आबादी के बीच पंप को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।
अनिश्चितकालीन धरना और भूख हड़ताल
यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, इसलिए इसकी अनुमति रद्द कर इसे किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट किया जाए। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई न हुई तो वे डीसी को मांगपत्र सौंपकर अनिश्चितकालीन धरना और भूख हड़ताल शुरू करेंगे।


