फिलीपींस में 7.8 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप

आज की ताजा खबर देश विदेश
Spread the love

हादसे में कई इमारतों और घरों को नुकसान पहुंचा है

फिलहाल किसी बड़े सुनामी खतरे की पुष्टि नहीं हुई है

प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया

प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन किया जा रहा

नई दिल्ली

फिलीपींस में सोमवार सुबह आए 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई। भूकंप के बाद फिलीपींस, इंडोनेशिया और मलेशिया के तटीय क्षेत्रों में सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि कई इमारतों और घरों को नुकसान पहुंचा है। हालांकि अमेरिकी एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि अमेरिका, कनाडा और हवाई के लिए फिलहाल किसी बड़े सुनामी खतरे की पुष्टि नहीं हुई है। प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक भूकंप का केंद्र मिंडानाओ द्वीप के जनरल सैंटोस शहर के पास था। तेज झटकों के कारण लोग घरों, कार्यालयों और सार्वजनिक भवनों से बाहर निकल आए। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।

राहत व बचाव दल लगातार जुटे

प्रारंभिक जांच में कई भवनों, स्कूलों और व्यावसायिक परिसरों में दरारें आने तथा संरचनात्मक नुकसान की जानकारी सामने आई है। कुछ स्थानों पर दीवारें गिर गईं और सड़कों पर मलबा फैल गया। राहत एवं बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार अभियान चला रहे हैं।

तीन देशों में सुनामी का अलर्ट

पैसिफिक सुनामी वार्निंग सेंटर ने फिलीपींस के कुछ तटीय इलाकों में तीन मीटर तक ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई है। वहीं इंडोनेशिया और मलेशिया के कुछ तटीय क्षेत्रों में एक मीटर तक ऊंची लहरों का खतरा बताया गया है। इसके बाद संबंधित देशों ने सतर्कता बढ़ा दी है।

बड़े सुनामी खतरे की पुष्टि नहीं

भूकंप के झटके इंडोनेशिया के उत्तर सुलावेसी और उत्तर मलुकु क्षेत्रों में भी महसूस किए गए। जापान ने भी अपने कई तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी एडवाइजरी जारी की है। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने सभी संबंधित एजेंसियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *