सत्कार कमेटी ने सरकार की कार्यप्रणाली पर उठाए गंभीर सवाल
जालंधर, राजा गार्डन इलाके में कुछ दिन पहले हुई गुरु साहिब की बेअदबी की घटना को लेकर सिख संगतों की गठित 11 सदस्यीय सत्कार कमेटी ने आज एएसपी वेस्ट के कार्यालय पहुंचकर मुलाकात की। जांच की प्रगति संबंधी जानकारी हासिल की। इस मौके पर सत्कार कमेटी के सदस्य सुखमिंदर सिंह राजपाल, हरजिंदर सिंह जिंदा, नरेंद्र सिंह लक्की, इकबाल सिंह बग्गा, निहाल सिंह, बघेल सिंह और जतिंदर पाल सिंह मुजैल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
बैठक के दौरान एएसपी वेस्ट ने सत्कार कमेटी को भरोसा दिलाया कि मामले की जांच पूरी गंभीरता से जारी है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचकर पूरी जानकारी संगत के साथ साझा की जाएगी।
न बरगाड़ी मामले में मिला इंसाफ, रुक रही बेअदबी
कमेटी सदस्यों ने कहा कि जब आम आदमी पार्टी की सरकार बनी थी, तब बड़े-बड़े दावे किए गए थे कि पंजाब में बेअदबी की घटनाओं को रोका जाएगा और वर्ष 2015 के बरगाड़ी बेअदबी मामले में भी सिख संगत को इंसाफ दिलाया जाएगा। लेकिन आज तक न तो बरगाड़ी मामले में इंसाफ मिला और न ही बेअदबी की घटनाओं पर रोक लगती दिखाई दे रही है।
9 वर्ष में लगभग 600 बेअदबी की घटनाएं
उन्होंने बताया कि पिछले करीब 9 वर्षों में लगभग 600 के करीब बेअदबी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कमेटी ने यह भी कहा कि सरकार द्वारा नया कानून लाया गया, जिसे अभी तक सिख पंथ और श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार द्वारा स्वीकृति नहीं दी गई है। इसके बावजूद कानून बनने के बाद भी लगातार बेअदबी की घटनाएं हो रही हैं, जिससे साफ है कि सरकार द्वारा इस गंभीर मसले को रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।
घर न बैठे सिख संगत
सत्कार कमेटी ने सिख संगतों को संदेश दिया कि वे घर नहीं बैठे हैं, बल्कि लगातार पुलिस प्रशासन के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि सिख संगत सतर्क रहे और जैसे ही कोई अहम जानकारी सामने आएगी, उससे तुरंत अवगत कराया जाएगा।
12 दिन बाद भी नहीं हुई गिरफ्तारी
गौरतलब है कि इस दुखद घटना के विरोध में सिख संगतों द्वारा धरना प्रदर्शन किया गया था, जिसे पंजाब पुलिस द्वारा 24 से 48 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद स्थगित कर दिया गया था। लेकिन करीब 12 दिन बीत जाने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से संगतों में भारी रोष पाया जा रहा है।


