हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया
इस घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है
बस की चपेट में आने से दोनों सड़क पर जा गिरे
इस दौरान सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम वहां पहुंची
पंजाब डेस्क
जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर स्थित भोगपुर में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जहा तेज रफ्तार बस ने सड़क पार कर रहे मोटर रेहड़े को टक्कर मार दी, जिससे मां और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें देखा जा सकता है कि बस की चपेट में आने के बाद दोनों हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
भोगपुर में चावला स्वीट्स के सामने हादसा
जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 3 :52 बजे भोगपुर में चावला स्वीट्स के सामने हुई। एक अज्ञात तेज रफ्तार बस ने सड़क पार कर रहे मोटर रेहड़े को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रेहड़े पर सवार पिंकी और उनकी बेटी योइदा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बेटी अबीदा गंभीर रूप से घायल हो गई।
फरार बस चालक की पहचान कर रही पुलिस
सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (एसएसएफ) की टीम मौके पर पहुंची और घायल बच्ची को सिविल अस्पताल काला बकरा पहुंचाया। थाना भोगपुर पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार बस चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


