आतिशी को लेकर पंजाब–दिल्ली सियासी टकराव तेज, वीडियो विवाद में FIR से लेकर विशेषाधिकार हनन तक मामला पहुंचा

आज की ताजा खबर देश
Spread the love

पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी को लेकर पंजाब में राजनीतिक विवाद बढ़ता जा रहा

पंजाब भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक वीडियो साझा किया

वीडियो में “गुरु” शब्द का इस्तेमाल नहीं हुआ और क्लिप को एडिट किया है

शिकायत में कहा वीडियो से छेड़छाड़ कर भड़काऊ तरीके से वायरल किया

नई दिल्ली

आम आदमी पार्टी की दिल्ली से विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी को लेकर पंजाब में राजनीतिक विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। मामला दिल्ली विधानसभा के 6 दिसंबर के सत्र से जुड़ा है, जहां भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि आतिशी ने सिख गुरुओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसके बाद पंजाब भाजपा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर आतिशी का एक वीडियो साझा किया, जिससे विवाद और तेज हो गया। जालंधर पुलिस का दावा है कि वीडियो में “गुरु” शब्द का इस्तेमाल नहीं हुआ और क्लिप को एडिट किया गया है।

वीडियो से छेड़छाड़ कर उसे भड़काऊ तरीके से वायरल किया

पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ और उपाध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने इस वीडियो के आधार पर पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला बोला। विवाद बढ़ने पर 9 दिसंबर को जालंधर पुलिस ने इकबाल सिंह की शिकायत पर दिल्ली सरकार के कानून एवं श्रम मंत्री कपिल मिश्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। शिकायत में कहा गया कि वीडियो से छेड़छाड़ कर उसे भड़काऊ तरीके से वायरल किया गया।

भाजपा ने जालंधर पुलिस कमिश्नर के खिलाफ कार्रवाई की मांग

इस कार्रवाई के विरोध में दिल्ली भाजपा ने विधानसभा स्पीकर से शिकायत की है। भाजपा का कहना है कि विधानसभा की कार्यवाही से जुड़े मामले में दूसरे राज्य की पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज करना सदन के विशेषाधिकारों का उल्लंघन है। भाजपा ने जालंधर के पुलिस कमिश्नर के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है। इस बीच, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने वीडियो को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है और 15 दिनों में रिपोर्ट मांगी है।

प्रदूषण और आवारा कुत्तों से जुड़े मुद्दों पर भाजपा के प्रदर्शन

वहीं, आतिशी ने सभी आरोपों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि वह अपने भाषण में प्रदूषण और आवारा कुत्तों से जुड़े मुद्दों पर भाजपा के प्रदर्शन का जिक्र कर रही थीं। उनका आरोप है कि वीडियो में गलत सबटाइटल जोड़े गए और जानबूझकर “गुरु साहिब” का नाम शामिल किया गया। फिलहाल, भाजपा इस्तीफे की मांग पर अड़ी है, जबकि आम आदमी पार्टी इसे राजनीतिक साजिश बता रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *