पंजाब में गैंगस्टरों की अब खैर नहीं, ‘आप’ सरकार की ‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम शुरू : पवन टीनू

आज की ताजा खबर पॉलिटिक्स
Spread the love

हेल्पलाइन नंबर- 9394693946 जारी, गैंगस्टरों के खिलाफ सूचना देने वालों की गोपनीय रखी जाएगी पहचान

टीनू का दावा- ‘आप’ सरकार ने जेलों से गैंग और विदेशों से अपराध चलाने वालों पर कसा शिकंजा, पुलिस की विशेष टीमों का किया गठन

जालंधर/चंडीगढ़, 20 जनवरी

आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के वरिष्ठ नेता और प्रदेश प्रवक्ता पवन कुमार टीनू ने कहा कि पंजाब में अब गैंगस्टरों की खैर नहीं है। पंजाब सरकार ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाई गई ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ सफल मुहिम के बाद पंजाब पुलिस द्वारा गैंगस्टरों के खिलाफ शुरू की गई ‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम शुरू की है। उन्होंने कहा कि गैंगस्टरों और आपराधिकों के ताबूत में सरकार की यह मुहिम आखिरी कील साबित होगी। सरकार ने 12000 पुलिस मुलाजिमों की 2000 टीमें बनाकर गैंगस्टरों और एक्टिव क्रिमिनिल्स पर छापेमारियां शुरू कर दी है। पंजाब को जल्द ही गैंगस्टर और अपराध मुक्त किया जाएगा।

जालंधर में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान टीनू ने कहा कि यह मुहिम मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के स्पष्ट और सख्त दिशा-निर्देशों के अनुसार शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य पंजाब को गैंगस्टरवाद और संगठित अपराध से पूरी तरह मुक्त करना है। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के नेता तरनदीप सिंह सन्नी, जिला मीडिया इंचार्ज संजीव भगत, मीडिया कोआर्डिनेटर अनमोल खन्ना, औऱ मीडिया कोआर्डिनेटर नरेश कुमार भी उपस्थित रहे।

उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों की सुरक्षा ‘आप’ सरकार की प्राथमिकता है। जो कोई भी पंजाब की शांति और भाईचारे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगा, बख्शा नहीं जाएगा। पिछले कुछ वर्षों में गैंगस्टरों ने पंजाब की शांति भंग करने की कोशिश की, लेकिन अब इस शब्द को ही खत्म करने का संकल्प पंजाब सरकार ने लिया है।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार युद्ध नशेआं विरुद्ध अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई, हजारों तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा और उनकी अवैध कमाई से खड़ी की गई इमारतों को जमींदोज किया गया, उसी मजबूती और इच्छाशक्ति के साथ अब गैंगस्टरों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि जेलों में बैठे गैंग चलाने वाले गैंगस्टरों पर नज़र रखने के लिए पंजाब पुलिस ने विशेष टीमो का गठन किया गया है। इसके अलावा विदेशों में बैठकर फिरौती, धमकी और संगठित अपराध चलाने वाले गैंगस्टरों के खिलाफ भी पंजाब पुलिस ने एक ठोस और व्यापक एक्शन प्लान तैयार किया है। उन्होंने कहा कि गैंगस्टरों को किसी भी प्रकार की मदद देने वाले लोग—चाहे वे फंडिंग कर रहे हों, उन्हें पनाह दे रहे हों या सूचना लीक कर रहे हों—सभी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

टीनू ने  स्पष्ट किया कि जो ट्रैवल एजेंट गैंगस्टरों को अवैध तरीके से विदेश भेजने में मदद कर रहे हैं या उन्हें कानून से बचाने का प्रयास कर रहे हैं, उन्हें भी बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ पंजाब पुलिस पूरी सख्ती से कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस आधुनिक तकनीक, इंटेलिजेंस नेटवर्क और हाईटेक साधनों का इस्तेमाल कर गैंगस्टरों की कमर तोड़ने जा रही है। यह देश में अपनी तरह का एक अनूठा अभियान है।

उन्होंने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पंजाब सरकार की ओर से गैंगस्टरों के खिलाफ सूचना देने के लिए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर 9394693946 जारी किया गया है। इस नंबर पर सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने पंजाब की जनता से अपील की कि वे गैंगस्टरवाद के खिलाफ एकजुट होकर सरकार और पुलिस का सहयोग करें।

पवन टीनू ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अपराध-मुक्त राज्य बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक पंजाब से गैंगस्टर संस्कृति का पूरी तरह सफाया नहीं हो जाता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *