डीजल की जगह पेट्रोल डालने को लेकर हुआ विवाद
जालंधर। पंजाब के जालंधर के गांव राओवाली में पेट्रोल पंप पर एक थार चला रही युवती ने जमकर दादागिरी की और जमकर हंगामा किया। उसने पहले खुद कर्मचारी को जमकर पीटा और फिर उसने अपने साथियों को बुलाकर पिटवाया। थार वाली युवती ने कर्मी पर डीजल की जगह पेट्रोल डालने का आरोप लगाया। जबकि घायल कर्मचारी का कहना है कि युवती ने खुद ही गलत बताया था। जिसके बाद पिटाई भी कर दी। जालंधर के गांव राओवाली इलाके में स्थित भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप पर आज सुबह यह हंगामा हुआ। पूरी घटना पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
घायल कर्मचारी की पहचान जतिन कपूर के रूप में हुई है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं, मामले की सूचना थाना मकसूदां पुलिस को दी गई है। पीड़ित कर्मचारी ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा है कि उसके साथ हुई मारपीट की गहन जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
फोन पर बात करते कहा-पेट्रोल डाल दो
जतिन कपूर ने बताया कि जब युवती कार में तेल डलवाने पहुंची, उस समय वह फोन पर बात कर रही थी। कर्मचारी ने उससे पूछा कि गाड़ी डीजल की है या पेट्रोल की, जिस पर युवती ने पेट्रोल बताया। इसके बाद कर्मचारी ने गाड़ी में पेट्रोल डालना शुरू कर दिया गया।
माफी मांगने के बावजूद की पिटाई

कर्मचारी जतिन ने कहा कि उसने माफी मांगी और कहा कि तेल बदल देंगे। उसने बताया कि करीब 200 से 300 रुपए का पेट्रोल डालने के बाद पता चला कि गाड़ी डीजल की है। इस पर कर्मचारी ने तुरंत गलती स्वीकार की और महिला से गाड़ी वहीं खड़ी रखने को कहा और बताया कि तेल निकाला जाएगा। कर्मचारी ने इसके लिए माफी भी मांगी। आरोप है कि इसके बाद युवती गाड़ी से नीचे उतरी और गाली-गलौज करने लगी। कर्मचारी और युवती में काफी देर बहस हुई, जिसके बाद हाथापाई शुरू हो गई। युवती ने पहले खुद पीटा और फिर दोस्त बुलवाकर पिटवाया।
मेरा कैश और मोबाइल लेकर गई युवती
जतिन का आरोप है कि इस दौरान महिला उसका मोबाइल फोन और नकदी भी लेकर चली गई। इसके बाद जब वह अपने साथियों के साथ इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचा, तो वहां भी कुछ युवकों ने उसे धमकाया ताकि वह मेडिकल रिपोर्ट न बनवाए और मामला आगे न बढ़े।


